सवाई माधोपुर। जिले के 263वें स्थापना दिवस के अवसर पर पंच गौरव अन्तर्गत जिला प्रशासन एवं कृषि-उद्यानिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के मार्गदर्शन में 18 व 19 जनवरी 2026 को दशहरा मैदान में पहली बार अमरूद महोत्सव एवं उन्नत कृषि तकनीकी मेला आयोजित किया जा रहा है।
जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव में अमरूद प्रदर्शनी, प्रसंस्करण उत्पादों, कृषि यंत्रीकरण एवं ऑटोमेशन, उद्यानिकी तकनीको, कृषि आदान, समन्वित खेती आधारित पशुधन गतिविधियों के लाईव डेमोस्ट्रेशन से संबंधित लगभग 200 स्टॉल्स लगाई जाएगी। अमरूद महोत्सव में टोंक, जयपुर, कोटा, बूंदी, भीलवाड़ा, दौसा, करौली सहित विभिन्न जिलों से प्रतिदिन लगभग 10 हजार से अधिक किसानों की सहभागिता होने की सम्भावना है।
फल-फूल प्रदर्शनी का होगा आयोजन :- उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा अमर सिंह ने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत 18 जनवरी को फल-फूल प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा जिसके लिए 16 जनवरी तक पंजीयन करवाना अनिवार्य है। फल-फूल प्रदर्शनी में किसान 10 उच्च गुणवत्तापूर्ण फल (किस्मवार अलग-अलग) प्रस्तुत करेंगे। निर्णायक समिति निर्धारित 12 किस्मों के आधार पर विजेताओं का चयन कर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार राशि एवं प्रमाण पत्र प्रदान करेगी। प्रतिभागी किसान का स्वयं का बगीचा होना आवश्यक है तथा जमाबंदी साथ लाना अनिवार्य रहेगा। फूलों की प्रदर्शनी में पंजीयन हेतु कृषि अधिकारी देवेन्द्र मीना 8432858924 एवं फल की प्रदर्शनी में पंजीयन हेतु कृषि अधिकारी डॉ. ताराचन्द महावर 9660729610 से संपर्क किया जा सकता है।
महोत्सव में विभिन्न राज्यों की 20 से अधिक नर्सरियां लेंगी भाग :- उप निदेशक फूल उत्कृष्टता केन्द्र लखपत लाल मीना ने बताया कि महोत्सव में देश के विभिन्न राज्यों से उच्च गुणवत्तापूर्ण 20 से अधिक नर्सरियां भाग लेंगी, जहां अमरूद की लगभग 30 किस्मों के पौधे उपलब्ध रहेंगे। किसान पौधों की खरीद के साथ थोक बुकिंग भी करा सकेंगे। श्रेष्ठ प्रथम नर्सरी को 11 हजार, द्वितीय को 7 हजार एवं तृतीय को 6 हजार रुपये की राशि पुरूस्कार के रूप में प्रदान की जाएगी। अमरूद महोत्सव का मुख्य आर्कषण अन्य राज्यों एवं विभिन्न जिलों के फलों की किस्मवार प्रदर्शनी होगी। जिसमें किस्मवार अमरूद प्रतियोगिता करने वाले कृषकों को प्रथम पुरूस्कार 5 हजार, द्वितीय 3 हजार और तृतीय 2 हजार रुपये दिए जाएंगे।
अमरूद से बनने वाले वैल्यू-एडेड उत्पादों का होगा प्रदर्शन :- सहायक कृषि अधिकारी गंगापुर सिटी पिन्टूलाल मीना ने बताया कि महोत्सव के दौरान अमरूद से बनने वाले वैल्यू-एडेड उत्पादों जैसे अमरूद बर्फी, फू्रड पल्प, फू्रड डिं्रक, अमरूद स्कवेश, हलवा, लड्डू, चटनी, आचार, शरबत, जूस, जैली, कैरी, ड्राई पाउडर आदि की व्यापक प्रदर्शनी लगेगी। सीफेट लुधियाना, सीआईएसएच लखनऊ, एनआईएफटीईएम हरियाणा, आईएआरआई दिल्ली, एमपीकेवी महाराष्ट्र, गोविंद वल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय पंतनगर, नवसारी कृषि विश्वविद्यालय गुजरात सहित अनेक राष्ट्रीय संस्थानों के वैज्ञानिक प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं विपणन की जानकारी देंगे। निजी कंपनियां भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।
सवाई माधोपुर का आमरूद विदेशों में बनाएगा पहचान :- सहायक निदेशक उद्यान बृजेश मीना ने बताया कि किसानों के लिए उन्नत कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, ड्रोन का लाइव डेमो, स्मार्ट फार्मिंग, हाई-टेक बागवानी (ड्रिप, मल्च, लो-टनल, शेडनेट/पॉलीहाउस) के लाइव डेमोंस्ट्रेशन, जैविक व प्राकृतिक खेती (नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र, जीवामृत, बीजामृत) तथा केंचुआ खाद संबंधी स्टॉल लगेंगी। कृषि स्टार्ट-अप, एफपीओ, एग्रो-प्रोसेसिंग यूनिट्स (आंवला, एलोवेरा, ग्वारपाठा आदि) भी सहभागिता करेंगे। पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र की उन्नत नस्लें व डेयरी उत्पादों की जानकारी भी उपलब्ध रहेगी। विभिन्न श्रेणियों में लगाई जाने वाली स्टॉल्स को सर्वश्रेष्ठ सजावट व बेस्ट लाईव डिमोस्ट्रेशन के लिए प्रथम स्थान पर रहने वाल स्टॉल को 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 7 हजार रुपये एवं तृतीय स्थान पर 5 हजार रुपये पुरूस्कार के रूप में प्रदान किए जाएंगे। अमरूद महोत्सव में क्रेता-विक्रेताओं संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। जिसमें देश के विभिन्न राज्यों के व्यापारी भाग लेंगे। इससे सवाई माधोपुर का आमरूद विदेशों में अपनी पहचान बनाएगा।
महोत्सव में विभिन्न कृषक कल्याणकारी योजनाओं की मिलेगी जानकारी :- सहायक कृषि अधिकारी विजय जैन ने बताया कि महोत्सव में कृषक-वैज्ञानिक संवाद, कृषक एवं पशुपालक चौपाल आयोजित होंगी, जहां अमरूद उत्पादन, कीट-रोग प्रबंधन, जल संरक्षण, प्रसंस्करण व बाजार से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। विभिन्न कृषक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी कृषि, उद्यान, पशुपालन, बैंकिंग सहित विभागों द्वारा दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सवाई माधोपुर में 15 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में अमरूद की खेती होती है और प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख मीट्रिक टन उत्पादन से 6-7 अरब रुपये का कारोबार होता है। राज्य सरकार द्वारा अमरूद को जिले के पंच गौरव में शामिल किया गया है। महोत्सव के माध्यम से किसान-व्यापारी सीधा संवाद स्थापित होगा, जिससे बिचौलियों की भूमिका घटेगी और किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा।
महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिससे स्थापना दिवस का उत्सव और भी यादगार बनेगा। जिला प्रशासन ने किसानों, बागवानों, उद्यमियों एवं आमजन से अधिक से अधिक सहभागिता का आह्वान किया है।
सवाई माधोपुर : अमरूद महोत्सव 18-19 जनवरी को, 16 जनवरी तक फल-फूल प्रतियोगिता का पंजीयन
ram


