नई दिल्ली। रेलवे भर्ती बोर्ड ने एनटीपीसी यूजी परीक्षा के लिए एग्जाम शेड्यूल जारी कर दिया है। जिन उम्मीदवारों ने परीक्षा में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन किया था। वे उम्मीदवार जल्द ही (RRB NTPC UG Exam 2026) में शामिल हो सकेंगे। बता दें, इस भर्ती परीक्षा के जरिये कुल 3058 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा, जिसमें जनरल कैटेगरी के लिए कुल 1280 पद, ईडल्ब्लयूएस के लिए कुल 280 पद, ओबीसी के लिए कुल 773 पद, एससी के लिए कुल 461 पद और एसटी के लिए कुल 264 पद आरक्षित किए गए हैं।
कब होगी परीक्षा
आरआरबी की आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक एनटीपीसी यूजी की परीक्षा 07, 08, 09 मई और 13, 14, 16 व 21 जून, 2026 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में अलग-अलग शिफ्ट में संचालित की जानी है। एनटीपीसी यूजी सीबीटी-1 की परीक्षा कंप्यूटर मोड में आयोजित कराई जाएगी।
कब जारी होगा एडमिट कार्ड और सिटी स्लिप
आरआरबी की आधिकारिक अधिसूचना के तहत एनटीपीसी यूजी सीबीटी-1 परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी स्लिप परीक्षा से 10 दिन पहले जारी कर दी जाएगी। इसके अलावा, सिटी स्लिप जारी करने के बाद परीक्षा से महज 4 दिन पहले एडमिट कार्ड भी जारी किया जाएगा। सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड आरआरबी की ऑफिशियल वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
सीबीटी-1 एग्जाम पैटर्न
सीबीटी-1 की परीक्षा कंप्यूटर मोड में संचालित की जाएगी। परीक्षा में उम्मीदवारों से सामान्य जागरूकता विषय से 40 अंकों के प्रश्न, गणित विषय से 30 अंकों के प्रश्न और सामान्य बुद्धि और तर्कशक्ति विषय से भी 30 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्नों की संख्या कुल 100 होगी। इसके साथ ही परीक्षा में गलत उत्तर के लिए एक-तिहाई अंक की नेगेटिव मार्किंग भी की जाएगी। इस परीक्षा में चयनित किए गए उम्मीदवारों को सीबीटी-2 परीक्षा के लिए आमंत्रित किया जाएगा। सीबीटी-2 की परीक्षा 120 अंकों के लिए आयोजित कराई जाएगी। सीबीटी-1 और सीबीटी-2 परीक्षा की अवधि 90 मिनट निर्धारित की गई है।



