आरपीएससी एसआई पुनः परीक्षा-2021 जयपुर में शांतिपूर्वक सम्पन्न

ram

जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 (गृह विभाग) जयपुर जिले में रविवार को 187 परीक्षा केन्द्रों पर शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई। प्रथम पारी में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पारी में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा आयोजित हुई। इस दौरान जिला कलक्टर संदेश नायक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया और उन्होंने बताया कि आरपीएससी एसआई पुनः परीक्षा-2021 के लिए जयपुर में कुल 68,662 अभ्यर्थी निर्धारित थे। प्रथम पारी में 45,930 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 22,732 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार प्रथम पारी में 66.89 प्रतिशत उपस्थिति रही। वहीं द्वितीय पारी में 45,514 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 23,148 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे और 66.29 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि परीक्षा के सुचारू एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जयपुर में 187 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए थे। परीक्षा के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया तथा गोपनीय सामग्री को परीक्षा केन्द्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए 62 उप समन्वयकों की नियुक्ति की गई। साथ ही 32 सतर्कता दलों का गठन किया गया, जिनमें प्रशासनिक, पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल रहे। परीक्षा समन्वयक नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि परीक्षा के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष जिला कलेक्ट्रेट के कक्ष संख्या 116 में स्थापित किया गया था। परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष परीक्षा समाप्ति तक संचालित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *