हाथी गांव में सजा शाही हाथी फैशन शो, 62 किलो चांदी के गहनों से दमके नर हाथी बाबू, हथनी पुष्पा, चंदा

ram

जयपुर। विश्व हाथी दिवस पर आमेर स्थित हाथी गांव में बुधवार को अनूठा एलीफेंट फैशन शो आयोजित हुआ। पारंपरिक पोशाक और प्राचीन आभूषणों से सजे हाथी रैंप पर उतरे तो पर्यटकों के लिए यह नजारा आकर्षण का केंद्र बन गया। हथिनी चंदा और पुष्पा के साथ नर हाथी बाबू ने भी शाही अंदाज में जलवा बिखेरा। बाबू, पुष्पा और चंदा सहित अन्य हाथियों को करीब 62 किलो चांदी के पारंपरिक गहनों से सजाया गया। आभूषणों से सजे हाथियों ने रैंप वॉक कर सभी का ध्यान खींचा। आयोजन के जरिए हाथियों के संरक्षण और उनके प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी दिया गया। हाथियों के लिए विशेष स्टॉल लगाए गए, जहां उनके लिए करीब तीन हजार किलो विभिन्न प्रकार के फल रखे गए। हाथियों ने इन फलों का जमकर लुत्फ उठाया। इस दौरान हथनी जोनाली का केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। आयोजन देखने पहुंचे पर्यटक भी इस अनूठे नजारे को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए। आर्मेनिया और सोमालिया से आए डिप्लोमेट्स भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। हाथी गांव विकास समिति के अध्यक्ष बल्लू खान ने बताया कि इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सौरभ पांथरी सहित अन्य पत्रकारों को वाइल्ड लाइफ में बेहतर रिपोर्टिंग के लिए सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *