रीको देगा राजस्थान वित्त निगम को 50 करोड़ रुपये का अंश पूंजी सहयोग, 20 करोड़ रुपये हस्तांतरित

ram

जयपुर। राज्य के औद्योगिक विकास को सुदृढ़ करने एवं राजकीय विभागों की कार्यप्रणाली को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिये जा रहे हैं। इसी क्रम में रीको द्वारा राजस्थान वित्त निगम को 50 करोड़ रुपये का अंश पूंजी सहयोग देने की स्वीकृति प्रदान की गई है जो राज्य के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास के लिये एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्य सरकार की वित्तीय वर्ष 2024-25 की संशोधित बजट घोषणा में राजस्थान वित्त निगम के वित्तीय सुदृढ़ीकरण हेतु राज्य सरकार एवं रीको द्वारा 50-50 करोड़ रुपये की अंश पूंजी के सहयोग की घोषणा की गई थी। इस घोषणा के अनुरूप रीको के निदेशक मंडल द्वारा स्वीकृति प्रदान किए जाने के पश्चात रीको एवं राजस्थान वित्त निगम के मध्य शेयर सब्सक्रिप्शन एग्रीमेंट निष्पादित किया गया है जिसके तहत चरणबद्ध रूप से राशि जारी की जा रही है। रीको प्रबंधन के निर्देशानुसार प्रथम किश्त के रूप में 10 करोड़ रुपये जारी किए गये थे तत्पश्चात् द्वितीय किश्त के रूप में 10 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गये हैं। इस प्रकार अब तक कुल 20 करोड़ रुपये का अंश पूंजी सहयोग जारी किया जा चुका है। रीको द्वारा प्रदान किये गये इस अंश पूंजी सहयोग की एवज में राजस्थान वित्त निगम द्वारा रीको को समतुल्य मूल्य के इक्विटी अंशों का आवंटन किया जायेगा। राज्य सरकार द्वारा रीको के माध्यम से दिया गया यह अंश पूंजी का सहयोग राजस्थान वित्त निगम के वित्तीय सुदृढ़ीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राजस्थान वित्त निगम सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को ऋण स्वीकृत कर सकेेगा जिससे राज्य में निवेश होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *