आठ बांधों के जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्यों के लिए लगभग ₹2.81 करोड़ की संशोधित वित्तीय स्वीकृति जारी

ram

जयपुर। विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अंतर्गत जिला परिषद जयपुर द्वारा जिले के आठ बांधों के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्यों के लिए कुल ₹280.48 लाख (लगभग ₹2.81 करोड़) की संशोधित प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। इन कार्यों से वर्षा जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता में सुधार होगा। मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद जयपुर प्रतिभा वर्मा ने बताया कि अगर सागर (मौजमाबाद), बाडसोलीक्यान (मौजमाबाद), बेनीखेड़ा-रहलाना (दूदू), दांतली (आंधी), हरसोली (दूदू), जैतपुरा (सांभरलेक), नीमला (आंधी) तथा श्यामपुरा (कोटखावदा) बांधों के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्यों के लिए संशोधित प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियां जारी की गई हैं। इन कार्यों पर लगभग ₹2.81 करोड़ व्यय किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी कार्यों का निष्पादन अधिशासी अभियंता, जल संसाधन खण्ड, जयपुर द्वारा किया जाएगा तथा प्रत्येक कार्य को चार माह की निर्धारित अवधि में पूर्ण किया जाएगा। इन कार्यों के लिए विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के अभिसरण से वित्तीय प्रावधान किया गया है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि सभी कार्य तकनीकी मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण एवं वित्तीय नियमों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे। कार्यों की नियमित निगरानी संबंधित विभागों द्वारा की जाएगी, जिससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इन आठों बांधों के जीर्णोद्धार से जल संचयन क्षमता में वृद्धि होगी, किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर जल उपलब्ध होगा तथा भूजल स्तर में सुधार के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *