जयपुर। राज्य बजट 2026–27 को लेकर राजस्व मंत्री हेमंत मीणा द्वारा जिला कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। मंत्री हेमंत मीणा ने राज्य बजट में प्रदेश एवं जिले को दी गई सौगातों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार राजस्थान को विकसित राज्य बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने बताया कि बजट 2026-27 राजस्थान के समग्र एवं सतत विकास को सुनिश्चित करेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विकसित भारत@2047 के विजन को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि यह बजट 8 करोड़ प्रदेशवासियों के प्रति हमारे कर्तव्यों का दस्तावेज है। बजट 2026-27 महिला, युवा, मजदूर, वंचित, किसान सहित सभी वर्गों के कल्याण को समर्पित है। बजट में आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण, बिजली, पानी, शिक्षा, चिकित्सा जैसे बुनियादी क्षेत्रों में सुविधाओं और सेवाओं के प्रावधान किए गए हैं। जिससे राजस्थान विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026-27 के बजट का आकार 6 लाख 10 हजार 956 करोड़ रुपये है, जो वर्ष 2023-24 के बजट की तुलना में 41 प्रतिशत अधिक है। बजट 2026-27 अवसंरचना का विस्तार, नागरिक सुविधाओं से गुणवत्तायुक्त जीवन स्तर में वृद्धि, औद्योगिक विकास एवं निवेश को प्रोत्साहन, मानव संसाधन का सशक्तीकरण, सुदृढ़ सामाजिक सुरक्षा प्रणाली, पर्यटन, कला एवं सांस्कृतिक धरोहर, सुशासन एवं डिजिटल परिवर्तन, कृषि विकास एवं किसानों का कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी, हरित विकास एवं पर्यावरणीय सततता और 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के मजबूत स्तम्भों पर आधारित है। बजट के अनुसार राज्य की राज्य सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 21 लाख 52 हजार 100 करोड़ रुपये होना संभावित है, जो 2023-24 से लगभग 41 प्रतिशत अधिक है। इसी के साथ ही प्रतिव्यक्ति आय पहली बार 2 लाख 2 हजार से अधिक होना संभावित है, जो 2023-24 से 21.15 प्रतिशत अधिक है। इस बजट में इन्फ्रास्ट्रक्चर डवलपमेंट के लिए पूंजीगत व्यय 53 हजार 978 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जो 2023-24 से 2 गुना से अधिक है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तुत राज्य बजट 2026-27 में वित्त मंत्री द्वारा प्रतापगढ़ जिले के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि जिलेवासियों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए गत बजट में भी जिले के लिए कई जनहितकारी घोषणाएं की गई थी। इस बार: प्रदेश के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए स्टेट हाईवे, आरओबी/आरयूबी/फलाई ऑवर/एलीवेटेड रोड़, ब्रिज आदि के निर्माण, मरम्मत व उन्नयन सम्बन्धी कार्य की घोषणा के तहत 5 करोड़ रूपये की लागत से बड़ीसादड़ी में मिसिंग लिंक सड़क निर्माण कार्य-चित्तौड़गढ़-प्रतापगढ़ की घोषणा की गई। इससे कनेक्टीविटी बढ़ेगी एवं आवगमन में सुगमता आएगी। जिले में पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए जाखम बांध आधारित वृहद् पेयजल परियोजना के अन्तर्गत निम्बाहेड़ा-चित्तौड़गढ़ एवं छोटीसादड़ी-प्रतापगढ़ कस्बे व ब्लॉक में लघु परियोजनाओं से लाभान्वित ग्रामों को बल्क वाटर उपलब्ध करवाने हेतु 1 करोड़ 37 लाख रूपये की लागत की डीपीआर की घोषणा से ग्रामीण क्षेत्रों में दीर्घकालिक पेयजल समाधान सुनिश्चित होगा। जिले में विद्युत तंत्र के और अधिक विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण हेतु सुहागपुरा-प्रतापगढ़ में 33/11 केवी जीएसएस का निर्माण किये जाने की घोषणा से संबंधित क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा। प्रतापगढ़ में जरूरतमंद एवं असुरक्षित बच्चों की समुचित देखभाल व संरक्षण की दृष्टि से चिल्डन हॉम के लिए भवन उपलब्ध करवाया जायेगा। आमजन को भय रहित सुरक्षित वातावरण मिल सके, इसके लिए राजपुरिया-प्रतापगढ़ में नवीन पुलिस चौकी की स्थापना की जायेगी। प्रदेश के कारागृहों के विस्तार एवं आधारभूत संरचना निर्माण के साथ-साथ कारागृहों में निरूद्ध बंदियों के जीवन स्तर में सुधार लाने हेतु विभिन्न कार्य करवाये जाने की घोषणा के अन्तर्गत कारागृहों में बंदियों को अपनी दैनिक उपयोग की वस्तुओं को रखने के लिए प्रतापगढ़ जिला कारागृह में लॉकर्स का निर्माण करवाया जाना प्रस्तावित है। मानसून अवधि में अनास नदी के व्यर्थ बहकर जा रहे अधिशेष जल को कृत्रिम जलाशय बनाकर फीडर नहर के माध्यम से सोम कमला अम्बा तक अपवर्तन हेतु 5 हजार 900 करोड़ रुपये की परियोजना के कार्य तथा परियोजना का विस्तार करते हुए जालोर जिले में जल संचयन एवं भंडारण क्षमता व उपयोग की संभावना का अध्ययन तथा रिजर्वायर विकसित करने हेतु डीपीआर की घोषणा से प्रतापगढ़ सहित बांसवाड़ा, सलूम्बर, डूंगरपुर, उदयपुर, पाली, जालोर जिले लाभांवित होगे। मुर्गीपालन/गोशाला संवर्द्धन सम्बन्धी विभिन्न कार्याे की घोषणा के तहत प्रतापगढ़ में हेचरी, कोल्ड स्टॉरेज एवं प्रोसेसिंग युनिट की सुविधायुक्त बैक यार्ड पोल्ट्री के कलस्टर्स महिला शक्ति पोल्ट्री समूह के माध्यम से स्थापित किये जायेंगे। सीतामाता प्रतापगढ़ में इको-ट्यूरिज्म स्थल विकसित किये जायेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी घोषणाओं को राज्य सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार पूर्ण किया जाएगा।

राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने प्रेस वार्ता में की बजट 2026-27 पर चर्चा —बजट से मिलेगी प्रदेश के समग्र विकास को गति: राजस्व मंत्री
ram


