जयपुर। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने राजस्थान दिवस-2026 के अवसर पर अलवर जिला प्रशासन एवं जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र द्वारा होटल मयूर में आयोजित पाँच दिवसीय ‘एक जिला एक उत्पाद‘ (ओडीओपी) प्रदर्शनी एवं मेले का शुभारम्भ किया। वन राज्य मंत्री शर्मा ने प्रदर्शनी एवं मेले का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को विकसित राजस्थान के संकल्प के माध्यम से मूर्त रूप देने में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हर सैक्टर को मजबूत व हर वर्ग के उत्थान की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के ओडीओपी एवं पंच गौरव जैसे अभियान स्थानीय उत्पादों व हस्तशिल्प कला व स्वरोजगार को बढ़ावा देकर विकसित भारत की संकल्पना को मजबूती प्रदान कर रहें है। उन्होंने डीआईसी के महाप्रबंधक को स्थानीय कम्पोनेंटस, एमएसएमई इकाइयों व हस्तशिल्पियों के विपणन के लिये कार्ययोजना बनाकर ब्रेडिंग करें, ताकि जिले की एमएसएमई इकाइयों व हस्तशिल्पियों के उत्पादों को बेहतर मार्केटिंग प्लेटफार्म प्राप्त हो सके। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रदर्शनी व मेले का अवलोकन कर स्थानीय उत्पाद खरीदने का आग्रह किया है।
19 मार्च तक चलेगी प्रदर्शनी, आमजन हस्तशिल्प उत्पाद खरीद सकते है
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक संजय प्रधान ने बताया कि राजस्थान दिवस के उपलक्ष में आयोजित एक जिला एक उत्पाद प्रदर्शनी व मेला मयूर होटल में 19 मार्च तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सांय 7 बजे तक लगेगा। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में 25 स्टॉल लगाई गई है, जिसमें 9 ऑटो कम्पोनेंटस इकाइयां, 4 एमएसएमई इकाइयां एवं 13 हस्तशिल्पियों यथा-वुडन हैण्डिक्राफ्ट, नागरा जूती, खादी के उत्पाद, सजावटी सामान (हस्तशिल्प उत्पाद ) की स्टॉल लगायी गयी है। इस मेले में आमजन हस्तशिल्प उत्पाद उचित मूल्य पर खरीद सकते है। इस दौरान रीको अलवर के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक परेश सक्सेना, अलवर चौम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इण्डस्ट्रीज के अध्यक्ष निकुंज सांघी व संरक्षक राजेश गुप्ता, ऑटो कम्पोनेंट मैन्युफैक्चरर्स एशोसिमेशन के अध्यक्ष विवेक गुप्ता व राहुल गुप्ता, राजगढ इण्डस्ट्रीज एशोसिएशन के अध्यक्ष गोपेश शर्मा, मत्स्य उद्योग संघ के अध्यक्ष मनोज गुप्ता, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष शंशाक झालानी, मिनरल संघ के अध्यक्ष मनीष गुप्ता, अलवर जिला व्यापार महासंघ के अध्यक्ष रमेश जुनेजा, प. जले सिंह, राजेंद्र कसाना, उद्योगपति, हस्तशिल्पीएवं आमजन मौजूद रहे।



