जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में प्रदेश में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए 1 से 5 सितम्बर 2026 तक पांच दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रदेशवासियों को शुद्ध, सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता की खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए दूध, मावा, पनीर, घी, मिठाई, मसाले और अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की जांच की गई। प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री राठौड़ के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा आयुक्त श्री अविचल चतुर्वेदी के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त श्री भगवत सिंह की निगरानी में यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रदेशभर में 399 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और 802 नमूने लिए। इनमें 390 प्रवर्तन नमूने और 412 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। मावा, मिठाई, घी-तेल, दूध और मसालों के नमूने जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं को भेजे गए हैं। अभियान के दौरान मौके पर खराब, दूषित और अमानक पाई गई 3,463.50 किलोग्राम/लीटर खाद्य सामग्री नष्ट करवाई गई। इसमें 1,215 किलोग्राम मिठाई, 1,151 किलोग्राम अन्य खाद्य सामग्री, 875 किलोग्राम मावा व पनीर, 104.50 किलोग्राम घी, 73 किलोग्राम मसाले और 45 किलोग्राम/लीटर अमानक दूध शामिल है। इसके अलावा भारी मिलावट की आशंका वाली 1,870 किलोग्राम/लीटर खाद्य सामग्री जब्त कर सील की गई। इसमें 1,449 किलोग्राम संदिग्ध घी और 421 किलोग्राम अन्य खाद्य सामग्री शामिल है। इस तरह अभियान में कुल 5,333.50 किलोग्राम/लीटर खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की गई। विभाग के अनुसार जब्त खाद्य सामग्री की जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीमें त्योहारी सीजन में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की लगातार जांच करती रहेंगी, ताकि आमजन को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता की खाद्य सामग्री मिल सके।
शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान —जन्माष्टमी पर शुद्ध खाद्य सामग्री के लिए चला विशेष अभियान
ram


