जयपुर। राज्य सरकार के “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने जयपुर के प्रताप नगर स्थित जेप्टो के डार्क स्टोर का निरीक्षण कर कई गंभीर अनियमितताएं पकड़ीं। प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ एवं आयुक्त श्री अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त श्री भगवत सिंह के नेतृत्व में सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने कार्रवाई की। निरीक्षण के दौरान मिल्क चिलर में दूध फैला हुआ मिला और दुर्गंध आ रही थी। स्टोर की दीवारों में चूहों के छेद पाए गए। कोल्ड स्टोरेज क्षेत्र में गंदगी के साथ खाद्य एवं गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखी मिली। कीटनाशक स्प्रे की बोतलें भी खाद्य पदार्थों के साथ रखी हुई थीं। शेल्फ की सफाई और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली। जांच में पैकेज्ड फ्रोजन नॉन-वेज खाद्य पदार्थों को वेज खाद्य पदार्थों के साथ रखे जाने की बात भी सामने आई। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उत्पादों की एक्सपायरी तिथि प्रदर्शित नहीं करने और शॉर्ट एक्सपायरी वाले उत्पादों की आपूर्ति से संबंधित शिकायतों की भी जानकारी मिली। कार्रवाई के दौरान अलग कर रखी गई करीब 25 किलोग्राम अवधिपार खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई। वहीं सरसों तेल, मैगी नूडल्स, घी, पीनट नमकीन और हल्दी पाउडर के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। अतिरिक्त आयुक्त श्री भगवत सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित फर्म को कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

“शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान” जेप्टो के डार्क स्टोर पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
ram


