पुलकित सम्राट ने कृति खरबंदा के त्याग पर कहा- हम हनीमून पर नहीं जा पाए

ram

मुंबई। बहुत कम लोगों को ये बात पता है कि पुलकित सम्राट के लिए ‘ग्लोरी’ के किरदार को जीवंत करना सिर्फ शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण नहीं था, बल्कि इसके लिए उन्हें एक बड़ी व्यक्तिगत कीमत भी चुकानी पड़ी थी। जी हाँ, ‘ग्लोरी’ में अपने किरदार की तैयारी में लगे पुलकित लगभग दो साल तक अपनी कड़ी ट्रेनिंग और व्यस्त शेड्यूल में इस कदर डूबे थे कि उन्हें अपने और अपने परिवार के लिए बहुत कम समय मिल पाता था। इस दौर को याद करते हुए उन्होंने विशेष रूप से न सिर्फ अपनी पत्नी कृति खरबंदा के अटूट समर्थन के बारे में बात की, बल्कि अपनी शादीशुदा ज़िंदगी पर खुलकर बात की।
पुलकित ने कहा, ‘ग्लोरी’ के लिए सबसे बड़ा त्याग जो रहा वो था शादी के बाद हमारा हनीमून, जहां हम चाहकर भी नहीं जा पाए। जब हमारी शादी हुई थी, तब कृति, ‘राणा नायडू’ की तैयारी में व्यस्त थीं और हमारी शादी के तीन दिन बाद ही सेट पर लौट गई थीं। जैसे ही ‘राणा नायडू’ की शूटिंग खत्म हुई, फिर मैं करण (अंशुमान) के साथ ‘ग्लोरी’ के सेट पर चला गया।”
अब जबकि 1 मई को रिलीज़ होने जा रही ‘ग्लोरी’ की रिलीज़ डेट नज़दीक है, तब पुलकित का शेड्यूल और व्यस्त हो गया है। ऐसे में उन्होंने अपने आसपास के लोगों को पहले ही बता दिया है कि रिलीज़ के दौरान वे किसी के लिए बिल्कुल उपलब्ध नहीं रहेंगे। पुलकित कहते हैं, “’ग्लोरी’ 1 मई को रिलीज़ हो रही है, और मैंने पहले ही अपने सभी लोगों से कह दिया है कि मैं 15 दिनों तक बिल्कुल उपलब्ध नहीं रहूंगा।”
गौरतलब है कि पुलकित ने यह भी स्वीकार किया है कि ऐसे व्यस्त शेड्यूल का असर सिर्फ उनके रिश्ते पर ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार पर पड़ता है। वे कहते हैं कि जहां कलाकार अपने जुनून से प्रेरित होते हैं, वहीं उनके अपने लोगों को इसकी बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ती है। छूटते पलों के साथ सीमित समय में उन्हें समझौता करना पड़ता है। हालांकि ऐसे में अपनों का यह त्याग बेकार नहीं जाता और वे पर्दे पर पूरे समर्पण और मेहनत के साथ जादू रच देते हैं, जैसा कि ‘ग्लोरी’ में उन्होंने किया है।
हालांकि ‘ग्लोरी’ की रिलीज़ के साथ, पुलकित सम्राट का ये सफर इस बात की याद दिलाता है कि हर परफॉर्मेंस के पीछे सिर्फ मेहनत ही नहीं, बल्कि उनके करीबियों के अनकहे त्याग भी शामिल होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *