बालोतरा। आदिवासी समुदाय को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा उनकी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिले में 13 से 15 अगस्त 2026 तक आदि सेवा केन्द्रों पर जनसुनवाई शिविरों का आयोजन किया जाएगा। ये शिविर धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं प्रधानमंत्री जनजाति न्याय महा अभियान के तहत चिन्हित ग्रामों में स्थापित आदि सेवा केन्द्रों पर आयोजित होंगे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने बताया कि जनसुनवाई शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर सहभागी एवं उत्तरदायी शासन व्यवस्था को मजबूत करना तथा सरकारी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं को जनजातीय नागरिकों के अधिक करीब पहुंचाना है।
उन्होंने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आयोजित होने वाले शिविरों में संबंधित विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को प्रतिदिन कम से कम एक आदि सेवा केन्द्र शिविर का पर्यवेक्षण करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि शिविरों में जनजातीय नागरिकों की शिकायतों का पंजीयन कर उनके त्वरित निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी। अनुसूचित जनजाति, विशेष रूप से विशेष रूप से संवेदनशील जनजातीय समूहों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही कल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं के संबंध में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी तथा प्राथमिकता के आधार पर सहायता की आवश्यकता वाले कमजोर परिवारों की पहचान की जाएगी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 13 से 15 अगस्त तक आयोजित होने वाले सभी जनसुनवाई शिविरों में अधीनस्थ ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए जनजातीय परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने एवं उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाए।
आदिवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 13 से 15 अगस्त तक आदि सेवा केन्द्रों पर जनसुनवाई
ram


