प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण : राजनाथ सिंह समेत कई मुख्यमंत्रियों ने 26 मई 2014 को बताया ऐतिहासिक दिन

ram

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को मंगलवार को 12 साल पूरे हो गए हैं। साल 2014 में 26 मई को नरेंद्र मोदी ने देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को उनके कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “26 मई 2014 को भारत की विकास यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई। जिस दिन नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली, वह दिन देश में शासन-व्यवस्था, नेतृत्व और राष्ट्रीय संकल्प में एक निर्णायक परिवर्तन का प्रतीक बन गया। आर्थिक विकास और सामाजिक कल्याण से लेकर आत्मनिर्भर भारत और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन तक, आधारभूत संरचना के विस्तार से लेकर वैश्विक मंच पर भारत की मज़बूत मौजूदगी और सशक्त राष्ट्रीय सुरक्षा नीति तक, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व गति के साथ प्रगति की है। आज भारत पहले से कहीं अधिक मजबूत, आत्मविश्वासी और गौरवपूर्ण राष्ट्र के रूप में पूरे विश्व के सामने खड़ा है। आज भारत की विकास गाथा पहले से कहीं अधिक समावेशी और लोक कल्याणकारी बनी है। “

रक्षा मंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘अंत्योदय’ की भावना को सही मायनों में साकार किया गया है। करोड़ों लोग, जो दशकों तक हाशिये पर रहे, आज भारत की विकास यात्रा के सक्रिय सहभागी बने हैं। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र आज सरकार के निर्णयों की धुरी बन चुका है। सच्चे अर्थों में एक ‘प्रधान-सेवक’ के रूप में नरेंद्र मोदी ने अपना प्रत्येक क्षण मां भारती और देशवासियों की सेवा के लिए समर्पित किया है। उनकी अथक मेहनत, अटूट संकल्प और राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ समर्पण करोड़ों लोगों को निरंतर प्रेरित करता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्र-सेवा के लिए निरंतर शक्ति प्रदान करें।”

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एक्स पर लिखा, “देश के लोकप्रिय और यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन तपस्वी और तेजस्वी का है। उनका नेतृत्व त्रिकालदर्शी है। इस नेतृत्व की तपपूर्ति का यह एक तेजोमय दिवस है। शिवसेना और महाराष्ट्र की 13 करोड़ जनता की ओर से आपका अभिनंदन!

12 वर्ष केवल सत्ता के नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा की अखंड तपश्चर्या के थे। स्वच्छ भारत से डिजिटल इंडिया, सर्जिकल स्ट्राइक से आत्मनिर्भर भारत, राम मंदिर से चंद्रयान, महिला सशक्तिकरण से विकसित भारत 2047 तक, यह यात्रा एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि 140 करोड़ जनता की है। महाराष्ट्र की महायुति सरकार को भी इस कार्यकाल में विकास की नई ऊर्जा मिली है। भारत के अमृत काल का नया पर्व शुरू हो गया है।”

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, “सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जनविश्वास, विकास और राष्ट्र सेवा के 12 गौरवशाली वर्ष पूर्ण किए हैं। इन 12 वर्षों में देश ने आत्मनिर्भरता, जनकल्याण, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का संकल्प आज एक सशक्त जन आंदोलन बन चुका है। नए भारत के निर्माण हेतु समर्पित यशस्वी प्रधानमंत्री को इस ऐतिहासिक अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”

वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी एक्स पर लिखा, “राष्ट्र निर्माण की इस प्रेरणादायी यात्रा के लिए प्रधानमंत्री को कोटिशः नमन एवं हार्दिक शुभकामनाएं। पिछले 12 वर्षों में आपके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को विकास, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के नए शिखरों तक पहुंचाया है। गरीब कल्याण से लेकर महिला सशक्तिकरण, डिजिटल क्रांति से लेकर बुनियादी ढांचे के अभूतपूर्व विस्तार और सांस्कृतिक गौरव के पुनर्जागरण तक, प्रत्येक क्षेत्र में भारत ने नई उपलब्धियां हासिल की हैं।

आज भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत, निर्णायक और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस, सीमाओं की सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना ने देश को नई दिशा और नई पहचान प्रदान की है। प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि और अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर सुशासन को जन-जन तक पहुंचाया है। आपके नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र आज विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की मजबूत आधारशिला बन चुका है।”

उधर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर लिखा, “26 मई 2014 यह केवल एक तिथि नहीं बल्कि भारत के नवयुग के शुभारंभ का ऐतिहासिक क्षण था, जब देश ने आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और आत्मविश्वास से भरे नए भारत की दिशा में कदम बढ़ाया। पिछले 12 वर्षों में भारत ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। जहां एक ओर देश ने विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बनाई, वहीं दूसरी ओर अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य भी अभूतपूर्व गति से हुआ।

गरीबों के लिए पक्के घर, हर घर जल, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, तेज़ी से विकसित होती सड़क-रेल-हवाई कनेक्टिविटी और युवाओं के लिए नए अवसर, इन 12 वर्षों में भारत ने विकास की नई परिभाषा लिखी है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने साहसिक निर्णय, पारदर्शी शासन और राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। 12 वर्षों की जनसेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित इस ऐतिहासिक यात्रा पर आदरणीय प्रधानमंत्री जी का हृदय से अभिनंदन एवं आभार।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *