नई दिल्ली। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सप्तधारा’ की बात कही थी। इसी ‘सप्तधारा’ को लेकर मंगलवार को भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तार से बात की है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने जो सप्तधारा का लक्ष्य रखा है, वही विकसित भारत बनाने का रोडमैप है। संबित पात्रा ने कहा, “किसी भी देश को आगे बढ़ने के लिए एक लक्ष्य होता है, और किसी भी देश के भविष्य के लिए जब सही समय पर सही नेता उस लक्ष्य का चयन करता है, तभी देश का भविष्य उज्ज्वल होता है।” भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि 15 अगस्त को पीएम मोदी ने सप्तधारा का लक्ष्य तय किया, जो विकसित भारत का रोडमैप है। इसकी पहली धारा मैन्युफैक्चरिंग पावर है।
उन्होंने कहा, “इस दिशा में काम किया जाएगा कि देश की मैन्युफैक्चरिंग ताकत कैसे बढ़े। मकसद एक मजबूत घरेलू वैल्यू चेन बनाना है, ताकि कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पाद तक पूरी मैन्युफैक्चरिंग भारत में ही हो। भारत में जीरो-डिफेक्ट, बेहतरीन क्वालिटी वाले और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी उत्पाद बनें और इसके लिए हाईली कॉम्पिटिटिव फैक्ट्रियां देश में ही स्थापित हों।”
यानी कच्चे माल से लेकर आखिरी प्रोडक्ट तक सब कुछ भारत में बने और वह भी बिना किसी खामी के और सबसे अच्छी क्वालिटी का हो।
दूसरी धारा कृषि और फूड प्रोसेसिंग है। इसमें दलहन-तिलहन का उत्पादन कैसे बढ़े, खेती की उत्पादकता कैसे बढ़े, केमिकल-मुक्त ऑर्गेनिक खेती कैसे आगे बढ़े और सस्ती खाद किसानों तक कैसे पहुंचे, इन सब पर ध्यान दिया जाएगा।
संबित पात्रा ने कहा कि टेक्नोलॉजी और इनोवेशन आज भारत को आगे ले जा रहा है। उन्होंने कहा, “आज भारत स्पेस सेक्टर में कहां पहुंच चुका है। जो भारत, स्पेस के विषय में कभी बात नहीं करता था, वह आज स्पेस को लेकर इनोवेशन कर रहा है। क्वांटम टेक्नोलॉजी और एआई को लेकर आज भारत आगे बढ़ रहा है।”
उन्होंने बताया कि आज भारत का सबसे बड़ा लक्ष्य डेटा सेंटर है। हमारा डेटा हमारे पास ही सुरक्षित रहे, इसलिए अपना डेटा सेंटर होना बहुत बड़ी बात है।
संबित पात्रा ने यूपीआई को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लोग यूपीआई का मजाक उड़ाते थे, अब उसने 10 साल पूरे कर लिए हैं। आज लोग डीपीआई (डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर) का मजाक उड़ा रहे हैं, लेकिन आने वाले समय में यह भी भारत की सफलता की कहानी बनेगा।
उन्होंने कहा, “पी. चिदंबरम ने यूपीआई का मजाक उड़ाया था, लेकिन मैं यूपीआई के डेटा के साथ तैयार हूं। राहुल गांधी इसे नहीं समझेंगे। आज यूपीआई ने 10 साल पूरे किए हैं और यह दुनिया का सबसे बड़ा रियल टाइम पेमेंट सिस्टम बन चुका है। यह भारत की शक्ति है। 10 साल पहले जब पीएम मोदी ने यूपीआई के बारे में बताया था, तब कांग्रेस ने मजाक उड़ाया था।”
उन्होंने कहा कि डीपीआई की सफलता तब होगी जब हर छात्र घर बैठे बेहतरीन शिक्षकों से सबसे अच्छी शिक्षा ले सकेगा।
गति शक्ति के तहत कनेक्टिविटी को तेज करने पर काम होगा। इसमें हाई स्पीड रेल, अल्ट्रा मॉडर्न हाईवे, इनलैंड वाटरवेज, एडवांस्ड एयरपोर्ट, हाइड्रोजन पावर ट्रेन और क्लीन एनर्जी के साथ इंटरनेशनल ट्रांसपोर्ट सिस्टम का सहज एकीकरण शामिल है।
रक्षा शक्ति के बारे में संबित पात्रा ने कहा, “एयर स्ट्राइक हो या सर्जिकल स्ट्राइक, इसने भारत की रक्षा शक्ति और उसमें आए बदलाव को दिखाया है। एक समय था जब नेतृत्व सीमा पर सड़क तक नहीं बनाता था।”
उन्होंने कहा, “एक भारत वह भी था जब देश के रक्षा मंत्री ने कहा था कि ‘नो वर्क इज द वर्क’, सीमा पर सड़क न बनाना, कोई विकास न करना ही काम था। वहां से लेकर आज जिस प्रकार रक्षा क्षेत्र में एक-एक उत्पाद विश्व में विश्वसनीयता के साथ खड़ा है, हम गर्व के साथ कह सकते हैं कि भारत रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो रहा है।”
उन्होंने कहा कि पहले भारत आयात करता था, आज निर्यात कर रहा है। भारतीय प्रोडक्ट अपनी क्षमता और विश्वसनीयता के साथ ग्लोबल मार्केट में हैं।
ग्रीन इकोनॉमी और ब्लू इकोनॉमी के तहत सोलर एनर्जी पर जोर दिया जा रहा है। संबित पात्रा ने कहा, “कभी हमने नहीं सोचा था कि हम सोलर एनर्जी से घर में उजाला ला सकते हैं। सूर्य घर योजना के माध्यम से हम कमा भी सकते हैं।”
सातवीं धारा सॉफ्ट पावर है। इसमें योग, आयुर्वेद, कल्चर टूरिज्म, हैंडीक्राफ्ट, सिनेमा, वीएफएक्स, गेमिंग और वेव समिट शामिल हैं। उन्होंने कहा, “कभी हमने सोचा था कि अमेरिका से लेकर आइलैंड तक योग दिवस मनाया जाएगा! यह सब इस सप्तधारा से ही संभव हुआ है।”

स्वतंत्रता के 80 साल पर पीएम मोदी का ‘सप्तधारा’ विजन, विकसित भारत का रोडमैप है : संबित पात्रा
ram


