संसदीय कार्य मंत्री ने जोधपुर के इंद्रोका में राजकीय आयुर्वेद औषधालय का किया शिलान्यास— प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध– श्री पटेल

ram

जयपुर। संसदीय कार्य मंत्री श्री जोगाराम पटेल ने रविवार को जोधपुर की ग्राम पंचायत इंद्रोका में 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले राजकीय आयुर्वेद औषधालय का भूमि पूजन कर विधिवत शिलान्यास किया।
स्वास्थ्य के लिए 32 हजार 526 करोड़ रूपये का बजट
श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा वर्ष 2026-27 के बजट में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के लिए 32 हजार 526 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है, जो 2023-24 के बजट से 53 प्रतिशत अधिक है।

जोधपुर में बनेगा बेसिक लाइफ़ सपोर्ट ट्रेनिंग सेंटर
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा जोधपुर में बेसिक लाइफ़ सपोर्ट ट्रेनिंग सेंटर और मथुरादास माथुर चिकित्सालय जोधपुर में मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर्स की स्थापना की जायेगी। उन्होंने कहा जोधपुर सहित 6 जिलों के चिकित्सा महाविद्यालयों के मुख्य चिकित्सालयों में 500 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक विश्राम गृह स्थापित किये जायेंगे।

औषधालय से मिलेगी गुणवत्तापूर्ण प्राकृतिक चिकित्सा
श्री पटेल ने आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह प्राचीन चिकित्सा पद्धति न केवल रोगों का उपचार करती है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दिशा में भी मार्गदर्शन करती है। उन्होंने कहा इस औषधालय के निर्माण से स्थानीय निवासियों को घर के पास ही सुलभ और गुणवत्तापूर्ण प्राकृतिक चिकित्सा मिल सकेगी।

बेहतर गुणवत्ता एवं तय समयावधि में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
श्री पटेल ने कार्यकारी एजेंसी राजस्थान कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा क्षेत्र के समग्र और सर्वस्पर्शी विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *