जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा तरुणाई राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। भारत दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी वाले देशों में से एक है। युवाओं की ऊर्जा एवं प्रतिभा का उपयोग कर देश दुनिया में सिरमौर बन सकता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-विकसित राजस्थान के सपने को साकार करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका है। हमारी सरकार युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। शर्मा ने युवाओं से अपील की है कि वे मेहनत करें, सरकार हर कदम पर साथ खड़ी है। शर्मा मंगलवार को मानसरोवर स्थित टैगोर इंटरनेशनल स्कूल में राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों की श्रृंखला में आयोजित ‘राजस्थान युवा शक्ति दिवस’ को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के प्रयासों के कारण ही राजपूताना की रियासतों का एकीकरण संभव हो सका। सरदार पटेल ने 30 मार्च 1949 को भारतीय नववर्ष की चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को रेवती नक्षत्र इन्द्रयोग में वृहद् राजस्थान की स्थापना की थी। इसीलिए हमने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर ही राजस्थान दिवस मनाने का निर्णय लिया। इसी क्रम में इस वर्ष 19 मार्च को यह दिवस पूरे प्रदेश में हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाएगा।
प्रधानमंत्री किसान, युवा, महिला और मजदूर के उत्थान के लिए संकल्पित
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश में अभूतपूर्व बदलाव आए हैं। प्रधानमंत्री देश के किसान, युवा, महिला और मजदूर चारों वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने देश में विकास एवं गरीब कल्याण की योजनाओं से दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया है। है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में स्टार्टअप का इकोसिस्टम तैयार किया है। स्टार्टअप से युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमताओं को साबित करने के लिए मंच मिला है तथा उन्हें आगे बढ़ने के अनेक अवसर प्राप्त हुए है।
बजट में युवाओं के सशक्तीकरण के लिए उठाए गए ठोस कदम
शर्मा ने कहा कि बजट 2026-27 में भी युवाओं के सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। जनजाति क्षेत्र के 5 हजार युवाओं को अपना उद्यम स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। साथ ही, जयपुर में अटल बिहारी वाजपेयी ग्लोबल सेंटर फॉर एडवांस्ड स्किलिंग की स्थापना तथा 50 पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में आईसीटी लैब बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि एक जिला-एक उत्पाद योजना के माध्यम से जिले की स्थानीय विशिष्टताओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार द्वारा किए गए आर्थिक सुधारों और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने के प्रयासों को सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे है। राजस्थान की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय पहली बार 2 लाख रुपये से अधिक हो गई है।
बिजली-पानी-रोजगार के क्षेत्र में किए गए अभूतपूर्व निर्णय
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए प्रदेश में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। हमारी सरकार द्वारा पानी जैसी बुनियादी सुविधा को प्राथमिकता देते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना, देवास परियोजना, यमुना जल समझौता, आईजीएनपी, गंगनहर, माही सहित परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। साथ ही, प्रदेश में बिजली तंत्र को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। राजस्थान में अभी कृषि क्षेत्र में 22 जिलों में दिन में बिजली दी जा रही है, 2027 तक सभी जिलों में दिन में बिजली देने के लिए हम संकल्पित हैं।
युवा नीति से उद्यमिता को मिल रहा बढ़ावा
शर्मा ने कहा कि युवाओं के लिए हमारी सरकार युवा नीति लाई है, जिससे उद्यमिता को बढ़ावा मिल सके। साथ ही, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। हमारी मंशा है कि युवा रोजगार प्राप्त करने के साथ रोजगार प्रदाता बनें। उन्होंने कहा कि गत सरकार के समय पेपरलीक जैसे प्रकरणों से युवाओं के सपने चूर-चूर हो गए थे, लेकिन हमारी सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। पेपरलीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एसआईटी का गठन कर कड़ी कार्रवाई की गई है और अब तक 420 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं को 4 लाख सरकारी क्षेत्र में एवं 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। अब तक 1 लाख 25 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। 1 लाख 33 हजार भर्ती प्रक्रियाधीन हैं तथा 1 लाख से ज्यादा पदों का भर्ती कैलेण्डर जारी किया जा चुका है। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं के सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए है। सरकार के प्रयासों से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और पेपरलीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को निवेश और रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने के लिए भी कई महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और खेल से जुड़े 485 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। शर्मा ने युवाओं को कौशल उन्नयन प्रमाण पत्र तथा मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत प्रथम लाभार्थी को चेक भी सौंपे। इस दौरान 403 स्टार्टअप्स को वायबिलिटी गैप का 1 हजार 145 लाख रुपये का फंड का वितरण तथा 9 हजार 432 युवाओं को कौशल उन्नयन प्रमाण पत्र भी सौंपे गए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य, हमीर सिंह भायल, मुख्य सचिव वी. निवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव कौशल एवं उद्यमिता संदीप वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, युवा शक्ति तथा वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।



