जयपुर। मानसून के दौरान डेंगू एवं मलेरिया जैसी वेक्टर जनित बीमारियों की प्रभावी रोकथाम के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने आमजन से प्रत्येक रविवार ‘ड्राई डे’ मनाने तथा घरों एवं आसपास कहीं भी पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है।
डॉ. शेखावत ने बताया कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ एवं ठहरे हुए पानी में पनपता है। कूलर, पानी की टंकियां, गमले, फ्रिज की ट्रे, टूटे बर्तन, पुराने टायर, नारियल के खोल तथा अन्य अनुपयोगी वस्तुओं में जमा पानी मच्छरों के प्रजनन के प्रमुख स्रोत हैं। ऐसे सभी स्थानों की नियमित सफाई करते हुए प्रत्येक रविवार उनका पानी पूरी तरह खाली कर सुखाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि डेंगू और मलेरिया की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। प्रत्येक परिवार सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने घर एवं आसपास का निरीक्षण कर पानी जमा होने वाले सभी स्थानों को साफ करे और मच्छरों के प्रजनन को रोके।
सीएमएचओ ने कहा कि “हर रविवार – ड्राई डे” अभियान को जन आंदोलन बनाकर ही मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि रविवार, 2 अगस्त को अपने घर, कार्यालय एवं आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाएं, पानी जमा होने वाले सभी स्रोतों को समाप्त करें तथा अपने पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सतर्कता, नियमित सफाई और प्रत्येक रविवार ‘ड्राई डे’ मनाने की आदत डेंगू एवं मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है।

मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए हर रविवार मनाएं ‘ड्राई डे’ : सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत
ram


