जयपुर। चाकसू ब्लॉक के कादेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की तामडिया सहकारी समिती पर “शादी मुबारक” सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमे नवविवाहित जोड़ों एवं दंपतियों को परिवार नियोजन, स्वस्थ परिवार की अवधारणा तथा उचित जन्म अंतराल के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि जिले में परिवार नियोजन संबंधी जागरूकता गतिविधियां निरंतर आयोजित की जाती हैं। इसी क्रम में कादेड़ा पीएचसी की तामड़िया सहकारी समिती पर नवविवाहित जोड़ों एवं दंपतियों को परिवार नियोजन अपनाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा छोटे एवं खुशहाल परिवार के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बीसीएमओ डॉ. रवि चौधरी ने परिवार नियोजन के साधनों की विस्तृत जानकारी देते हुए सीमित परिवार की अवधारणा अपनाने की बात कही। चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. महेंद्र चौधरी ने विवाह के बाद पहले बच्चे में कम से कम दो वर्ष का अंतराल तथा दूसरे बच्चे में तीन वर्ष का अंतराल रखने के स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डाला। बीपीएम कन्हैया लाल यादव ने परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं चिकित्सा संस्थानों पर उपलब्ध निःशुल्क सेवाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रतिभागियों को निकटतम स्वास्थ्य संस्थानों पर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया गया। डिप्टी सीएमएचओ (परिवार कल्याण) डॉ. सौरभ आर्य के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में एएनएम सुमन, आशा सहयोगिनी दुर्गा जाट, सीएचओ दीपक कुमार अग्रवाल तथा आईपास प्रतिनिधि रॉक्सी शर्मा, पवन एवं काली गुर्जर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

चाकसू में नवविवाहित जोड़ों को परिवार नियोजन के प्रति किया जागरूक
ram


