नई दिल्ली। सैमसंग ने आखिरकार स्टेबल One UI 8.5 अपडेट रोल आउट करना शुरू कर दिया है। ऐसे में अगर आप भी कोई सैमसंग फोन यूज कर रहे हैं तो अपडेट सेक्शन से इस नए अपडेट को डाउनलोड एंड इनस्टॉल कर सकते हैं। इस अपडेट के साथ कई Galaxy AI फीचर्स पुराने फ्लैगशिप डिवाइस पर भी देखने को मिल रहे हैं, जिन्हें पहले सिर्फ Galaxy S26 सीरीज के साथ रोल आउट किया गया था। ये अपडेट अभी दक्षिण कोरिया में Galaxy S25 सीरीज के यूज़र्स तक पहुंच रहा है और Galaxy S25 FE, Galaxy Z Fold 7 और Galaxy Z Flip 7 तक भी इसका रोल आउट जारी है। इस नए One UI 8.5 अपडेट में नए AI टूल्स, कैमरे में अपग्रेड, ज्यादा स्मार्ट Bixby फीचर्स, नए डिजाइन वाले इंटरफेस एलिमेंट्स और बेहतर प्राइवेसी कंट्रोल्स देखने को मिल रहा है। Samsung का कहना है कि ये रोल आउट धीरे-धीरे और भी क्षेत्रों और सपोर्टेड गैलेक्सी डिवाइस तक पहुंच जाएगा।
One UI 8.5 अपडेट किस किस फोन को मिला?
कंपनी ने घोषणा की है कि One UI 8.5 अपडेट अब Galaxy S25 सीरीज, Galaxy S25 FE, Galaxy S24 लाइनअप, Galaxy Z Fold 7, Galaxy Z Flip 7, Galaxy Z Fold 6, Galaxy Z Flip 6, Galaxy Tab S11 सीरीज और Galaxy Tab S10 सीरीज जैसे डिवाइस पर रोल आउट किया जा है। कंपनी ने कन्फर्म किया है कि ये रोल आउट दक्षिण कोरिया में शुरू हो चुका है और बाद में इसे अन्य देशों में रोल आउट किया जाएगा।
लंबे बीटा टेस्टिंग के बाद आया अपडेट
Android Authority ने अपनी हालिया रिपोर्ट में बताया है कि स्टेबल One UI 8.5 का रिलीज एक लंबे बीटा टेस्टिंग साइकल के बाद सामने आया है, जिसमें Galaxy S25 सीरीज के लिए 10 बीटा अपडेट शामिल थे। पब्लिकेशन ने ये भी बताया कि यह स्टेबल अपडेट अभी दक्षिण कोरिया में बीटा टेस्टर्स तक एक इंक्रीमेंटल रिलीज के तौर पर रोल आउट हुआ है, जिसमें अप्रैल 2026 का सिक्योरिटी पैच भी जोड़ा गया है।
मिले नए Galaxy AI फीचर्स
One UI 8.5 अपडेट के साथ कई नए Galaxy AI फीचर्स भी आ गए हैं, जो सबसे पहले Galaxy S26 सीरीज के साथ पेश किए गए थे। इनमें Agentic AI टूल्स, Creative Studio, बेहतर Audio Eraser, ज्यादा स्मार्ट Bixby इंटरैक्शन और Bixby Text Call के जरिए Call स्क्रीनिंग भी शामिल है।
Samsung ने AI इमेज बनाने की सुविधा, टेक्स्ट प्रॉम्प्ट के जरिए AI-पावर्ड फोटो एडिटिंग और Photo Assist का यूज करके एक इमेज से दूसरी इमेज में ऑब्जेक्ट्स को मूव करने की पावर भी जोड़ दी है। नए अपडेट के साथ कैमरा में भी नई सुविधाएं दी गई हैं जिसमें रियल-टाइम Log वीडियो LUT प्रीव्यू, आगे और पीछे के कैमरों से एक साथ रिकॉर्डिंग, अपने-आप मोशन फोटो पहचानने की सुविधा जैसे फीचर्स ऐड किए गए हैं।



