नया एयरपोर्ट टर्मिनल केवल जोधपुर ही नहीं, मारवाड़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि : शेखावत

ram

जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से जोधपुर को बहुप्रतीक्षित नए एयरपोर्ट टर्मिनल की सौगात मिलेगी। शेखावत ने इसे केवल जोधपुर ही नहीं, बल्कि पूरे मारवाड़ क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। शुक्रवार को शेखावत दिल्ली से जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि लंबे संघर्ष और वर्षों की प्रतीक्षा के बाद जोधपुर के लिए यह गौरव का क्षण आया है। नए टर्मिनल के शुरू होने के बाद एयरपोर्ट की यात्री संभालने की क्षमता वर्तमान क्षमता से लगभग दस गुना बढ़ जाएगी, जिससे भविष्य की आवश्यकताओं को आसानी से पूरा किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि जोधपुर के उद्योग, शैक्षणिक संस्थान, बढ़ती आर्थिक गतिविधियां और पचपदरा रिफाइनरी के संचालन के बाद क्षेत्र में बढऩे वाली औद्योगिक संभावनाओं को देखते हुए यह एयरपोर्ट पश्चिमी राजस्थान के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

शेखावत ने कहा कि 12 वर्ष पहले जब जोधपुर की जनता ने उन्हें आशीर्वाद देकर संसद भेजा था और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने का अवसर दिया था, तब उन्होंने जोधपुरवासियों से एयरपोर्ट के निर्माण का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि आज वह संकल्प पूरा होने पर अत्यंत विनम्र भाव से जोधपुर की जनता को बधाई देते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में जोधपुर के आधारभूत ढांचे में अभूतपूर्व विकास हुआ है। शहर को चारों दिशाओं से जोडऩे वाली नई सडक़ें और हाईवे बने हैं। करीब 2000 करोड़ की लागत से रिंग रोड का निर्माण हुआ है। जोधपुर रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण किया गया है। 42 नई लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ है। वंदे भारत ट्रेन की सौगात भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में जोधपुर को मिली है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह सभी विकास कार्य जोधपुर को पश्चिमी राजस्थान के प्रमुख आर्थिक और पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *