बूंदी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बूंदी के तहत चयनित जावटीकलां, अमरत्या, जजावर, मोहनपुरा, गुडली ग्राम पंचायतों में नारी संवाद : सामुदायिक समाधान मंच कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत से 15-15 सदस्यीय सामुदायिक मध्यस्थों का पैनल गठित किया जाएगा। पैनल गठन के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने बताया कि पैनल गठन की पात्रता और प्राथमिकता में सम्मानित, निष्पक्ष एवं समुदाय में प्रतिष्ठित महिला होना शामिल है। इसके अलावा महिला सरपंच/पंच, महिला स्व-सहायता समूह की लीडर, आंगनबाडी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, अनुभवी( पैरालीगल वालंटियर, महिला अधिवक्ता, शिक्षिका, सेवानिवृत सरकारी अधिकारी, महिला पुलिस कर्मी आदि, न्यूनतम 10वीं उत्तीर्ण (विशेष योग्यता वाले मामलों में छूट संभव), मध्यस्था, सामाजिक कार्य, महिलाओं एवं बच्चों के मुद्दों में रूचि रखने वाले विशेष प्राथमिकता में शामिल है।
उन्होंने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून को शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि आवेदन के इच्छुक आवेदन पत्र भरकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय/तालुका विधिक सेवा समिति हिण्डोली, नैनवां, इन्द्रगढ, केशवरायपाटन में व्यक्तिगत तौर पर अथवा डाक से जमा करवा सकेंगे। आवेदन के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, 2 पासपोर्ट साइज फोटो, अनुभव प्रमाण पत्र (यदि हो) आवश्यक दस्तावेज में शामिल है। उन्होंने बताया कि चयन की प्रक्रिया के तहत चयन समिति (सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति एवं एक वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी/उपखंड मजिस्ट्रेट) द्वारा साक्षात्कार के बाद अंतिम चयन किया जाएगा।


