‘मेरा युवा भारत’ अभियान को मिली नई गति, पंजीकरण में सवाई माधोपुर राज्य में प्रथम

ram

सवाई माधोपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित ‘माय भारत’ अभियान के तहत जिले में युवा पंजीकरण एवं युवा क्लब गठन का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। जिला कलक्टर काना राम के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के परिणामस्वरूप सवाई माधोपुर माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण में राजस्थान में प्रथम एवं देश में 17वें स्थान पर पहुंच गया है।
जिला कलक्टर ने बताया कि 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चल रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में विद्यालयों एवं संबंधित विभागों के सहयोग से 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया जा रहा है। अब तक 16 हजार से अधिक नए युवाओं का पंजीकरण तथा 199 युवा क्लबों का गठन किया जा चुका है। इसके साथ ही जिले में पंजीकृत युवाओं की संख्या 62 हजार से अधिक हो गई है।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक सक्रिय युवा क्लब का गठन सुनिश्चित करते हुए पात्र युवाओं का अधिकतम पंजीकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि संगठित, जागरूक एवं प्रशिक्षित युवा विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
माय भारत युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल ने बताया कि माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं को स्वयंसेवा, कौशल विकास, नेतृत्व निर्माण, सामुदायिक सेवा, सरकारी अभियानों में सहभागिता, अनुभव आधारित प्रशिक्षण, अंतर-जिला एवं अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान, खेल गतिविधियों, विकसित भारत युवा संसद तथा अन्य राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भाग लेने के अवसर प्राप्त होते हैं।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं से 15 अगस्त से पूर्व माय भारत पोर्टल https://mybharat.gov.in/yuva_register पर पंजीकरण कर इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन 14472 अथवा 9828239772 तथा ईमेल mybharatswm@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *