राजस्थान में मानसून पड़ा कमजोर, चार-पांच दिन बारिश पर ब्रेक

ram

जयपुर। राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अब कमजोर पड़ गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से खिसककर उत्तर भारत की ओर चली गई है। इसके चलते प्रदेश में अगले चार-पांच दिन बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। हालांकि मंगलवार को भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने 12 सितंबर से प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने और गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को प्रदेश के कुछ ही इलाकों में बारिश हुई। अलवर, कोटपूतली, सीकर और राजसमंद में बरसात मापी गई। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश राजसमंद के नाथद्वारा में करीब 28 मिलीमीटर हुई। कोटपूतली, अलवर शहर और सीकर के कुछ क्षेत्रों में भी बारिश हुई। देर शाम श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कई इलाकों में बादल छाए और हल्की बारिश के साथ तेज हवा चलीं।

इस मानसून सीजन में राजस्थान में अब तक बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी नीचे है। प्रदेश में 24 प्रतिशत कम बारिश हुई है। केवल चार जिले ऐसे हैं, जहां सामान्य से अधिक बारिश हुई है। भरतपुर में सबसे अधिक बारिश मापी गई। यहां एक जून से छह सितंबर तक सामान्य बारिश 481.7 मिलीमीटर मानी जाती है, जबकि इस सीजन में अब तक 638.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 33 प्रतिशत अधिक है।

इसके अलावा दौसा में सामान्य से 7 प्रतिशत, धौलपुर में 10 प्रतिशत और झुंझुनूं में 13 प्रतिशत अधिक बारिश मापी गई है। वहीं अलवर में सामान्य से एक प्रतिशत और करौली में पांच प्रतिशत कम बारिश हुई है।

प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कम होते ही कई शहरों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। सोमवार को करौली, कोटा, प्रतापगढ़, फतेहपुर, अलवर, पिलानी, टोंक और भीलवाड़ा समेत कई स्थानों पर दिन के तापमान में करीब चार डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस फलोदी में मापा गया।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल पूर्वी राजस्थान में मानसून कमजोर रहेगा। ऐसे में अगले कुछ दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। 12 सितंबर के बाद नया मौसम तंत्र बनने पर बारिश फिर जोर पकड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *