जयपुर। राजस्थान में इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक सामान्य से करीब आठ दिन की देरी से होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले 48 घंटे में मानसून राज्य के पूर्वी हिस्से से प्रवेश कर सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून के प्रभाव से कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि 6 जुलाई तक राज्य के अधिकांश जिलों में वर्षा गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। हालांकि जुलाई में प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान भी जताया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 2 या 3 जुलाई को मानसून के पूर्वी राजस्थान में प्रवेश करने की संभावना है। इसके प्रभाव से उदयपुर, कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इधर, मानसून से पहले भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। बुधवार को प्रदेश के 24 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 2 से 4 जुलाई के बीच बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे या इससे अधिक रफ्तार से अंधड़ चलने तथा धूल भरी आंधी आने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान जोधपुर, फलोदी और जालोर के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हो सकती है। बीते 24 घंटों में कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कोटा जिले के मंडाना में 30 मिमी, पीपल्दा में 9 मिमी, झालावाड़ के बाकनी में 13 मिमी, धौलपुर के बसेड़ी में 12 मिमी तथा बारां के किशनगंज में 14 मिमी वर्षा मापी गई। दूसरी ओर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर तेज धूप और उमस बनी रही, हालांकि हवाएं चलने से तापमान में हल्की गिरावट आई।

राजस्थान में आठ दिन की देरी से मानसून की दस्तक के आसार, 24 जिलों में आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट
ram


