राजस्थान में मानसून फिर हुआ सक्रिय, चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट

ram

जयपुर। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमीय तंत्र के प्रभाव से राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के चार जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि शेष सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट दिया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में 25 जुलाई तक मानसूनी गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

हाड़ौती क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई भारी बारिश से परवन, कालीसिंध सहित कई नदियां उफान पर हैं। झालावाड़ के कालीसिंध बांध का एक गेट 0.10 मीटर खोलकर 426 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। मनोहरथाना क्षेत्र में परवन नदी का जलस्तर बढ़ने से एक छोटा पुल और मंदिर का हिस्सा जलमग्न हो गया। कोटा और बारां जिले में पांच इंच से अधिक वर्षा दर्ज होने से खेतों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।

उदयपुर में बुधवार सुबह मानसून सीजन की अब तक की सबसे तेज बारिश हुई। करीब एक घंटे तक हुई तेज बरसात से मौसम पूरी तरह बदल गया और तापमान में गिरावट आई। वहीं कोटपूतली-बहरोड़ जिले में लगातार तीसरे दिन बारिश का दौर जारी रहा। जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग-48 की सर्विस लेन सहित कई स्थानों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। शहर के कई इलाकों में जलभराव होने से स्कूली बच्चों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में बारां के छीपाबड़ौद में 130 मिमी और कोटा के सुल्तानपुर में 101 मिमी वर्षा मापी गई।

इसके अलावा हनुमानगढ़, बूंदी, अलवर, करौली, झुंझुनूं और सवाई माधोपुर सहित कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई। दौसा, टोंक, नागौर, उदयपुर, चूरू, श्रीगंगानगर और भरतपुर समेत अनेक जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई।

राजधानी जयपुर में मंगलवार को दिनभर रिमझिम बारिश और ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना बना रहा। जिले के कुछ क्षेत्रों में दो इंच तक बारिश हुई। बुधवार सुबह भी बूंदाबांदी का दौर जारी रहा। अजमेर में करीब 11 दिन बाद मानसून ने वापसी की और मंगलवार को 5.7 मिमी बारिश हुई। वहीं जोधपुर में बादलों की आवाजाही के बीच देर रात हल्की बूंदाबांदी हुई।

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। अलवर, सीकर, पिलानी, अजमेर, जयपुर, चूरू और श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 4 से 9 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। सबसे गर्म जैसलमेर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। करीब दो सप्ताह बाद प्रदेश के किसी भी शहर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं गया।

मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से नमी की लगातार आपूर्ति होने के कारण आगामी तीन से चार दिनों तक राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। इससे जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी, वहीं नदियों और बांधों में जलस्तर बढ़ने की संभावना भी बनी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *