राजस्थान में मानसून की दस्तक तेज, 25 जिलों में आज भी बारिश-आंधी का अलर्ट

ram

जयपुर। राजस्थान में मानसून की रफ्तार तेज होने के साथ ही प्री-मानसून गतिविधियां भी जोर पकड़ने लगी हैं। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 25 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार भरतपुर, जयपुर, नागौर, सीकर और श्रीगंगानगर सहित कई जिलों में बुधवार को एक इंच या उससे अधिक वर्षा हुई। वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बना रहा। श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर और उदयपुर संभाग के जिलों में दिनभर हल्के बादल छाए रहे और उमस का असर महसूस किया गया। कई क्षेत्रों में शाम के समय बारिश और बूंदाबांदी का दौर भी चला।

प्रदेश में श्रीगंगानगर के बाद फलोदी में 42 डिग्री, जैसलमेर में 40.7, बीकानेर में 40.4, बाड़मेर में 40.3 और चित्तौड़गढ़ में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया। पाली में 39.3, जोधपुर और दौसा में 39.2, जबकि जालोर और हनुमानगढ़ में 38 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

भरतपुर जिले के कामां में 40, पहाड़ी में 15 और डीग में 8 मिमी बारिश हुई। नागौर के लाडनूं में 47 मिमी वर्षा हुई, जबकि अजमेर जिले के केकड़ी में 11 और सावर में 16 मिमी बारिश हुई। सीकर के रींगस में 31, हनुमानगढ़ के डबलीराठन में 36 तथा श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान में 26 मिमी बारिश हुई।

बीकानेर, झुंझुनूं, अलवर, बारां, झालावाड़ और चित्तौड़गढ़ के कई इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के पूर्वी और उत्तरी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। इससे तापमान में गिरावट आने तथा लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। हालांकि कुछ पश्चिमी जिलों में फिलहाल गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *