चुरू। मोहल्ले के ही लोगों ने एक 16 साल के नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या कर दी। किशोर घर से दुकान पर मोबाइल फोन रिचार्ज कराने गया था, तभी 2-3 लोगों ने उसे घेर लिया और लात-घूंसों से पीटा और उसकी जान ले ली। हैरानी की बात यह है कि किशोर के बेहोश होने के बाद भी बदमाश उसे पीटते रहे। इस दौरान आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, हालांकि तबतक वो फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोर को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। मृतक के दादा की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पिता और दो पुत्रों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना राजस्थान के चुरू के कोतवाली थाना इलाके की है।
पुरानी रंजिश के चलते हत्या
मृतक के दादा के मुताबिक मोहल्ले का असलम तीन-चार दिन से उनके पोते को जान से मारने की धमकी दे रहा था। असलम की उनके पोते से पुरानी दुश्मनी थी। शुक्रवार की रात करीब 9 बजे उनका पोता मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए स्थानीय दुकान पर गया था। इसी बीच कासम और उसके दो बेटे असलम और जावेद ने उसके पोते को पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने उसे नाले में फेंक दिया और लात-घूंसों से पीटा। कुछ देर बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो किशोर बेहोश पड़ा था। स्थानीय लोग उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
15 दिन पहले ही विदेश गए थे पिता
मृतक लड़का मजदूरी करता था। लड़के के पिता मो. पहले शरीफ भी मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। 15 दिन पहले ही वह मजदूरी करने के लिए विदेश गया था। मृतक तीन नाबालिग बहनों का इकलौता भाई था। इकलौते भाई की मौत की खबर के बाद परिवार में मातम छा गया है। घर का चिराग बुझने के बाद मां और बहनों की भी तबीयत खराब हो गई।