जयपुर। वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री संजय शर्मा ने प्रदेश की आर्द्रभूमियों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समन्वित प्रयास करते हुए उनके प्रभावी प्रबंधन और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को आर्द्रभूमियों के सीमांकन,अधिसूचना एवं प्रबंधन योजनाओं के कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने, अतिक्रमण एवं प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने तथा संरक्षण कार्यों में जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए। वे शनिवार को शासन सचिवालय में राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण (स्टेट वेटलैंड अथॉरिटी) की नौवीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आर्द्रभूमियां पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके संरक्षण के लिए स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा आर्द्रभूमियों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने और प्रदूषण रोकने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। बैठक में बताया गया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की अनुपालना में प्रदेश के जलाशयों एवं आर्द्रभूमियों का ग्राउंड ट्रुथिंग एवं सीमा निर्धारण का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर अलवर की सिलीसेढ़ झील की एकीकृत प्रबंधन योजना को अनुमोदन दिए जाने के संबंध में चर्चा की गई। इस योजना के तहत झील के जलग्रहण क्षेत्र का उपचार, प्रदूषण नियंत्रण, जैव विविधता संरक्षण, प्राकृतिक आवास का पुनर्स्थापन, सामुदायिक सहभागिता तथा ईको-टूरिज्म को प्रोत्साहन देने जैसे कार्य प्रस्तावित हैं। नए रामसर स्थलों के प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान धौलपुर जिले के रामसागर-तालाबशाही वेटलैंड कॉम्प्लेक्स को रामसर स्थल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इसी प्रकार, सवाई माधोपुर के शिवसागर शिवाड़ तालाब, जैसलमेर के जासेरी तालाब तथा धौलपुर के तालाब-ए-शाही को आर्द्रभूमि संरक्षण एवं प्रबंधन नियम के तहत अधिसूचित करने के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। आनासागर झील की अधिसूचना तथा झील संरक्षण प्राधिकरण से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) एवं राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा आर्द्रभूमियों के संरक्षण, सीमांकन, अधिसूचना एवं अतिक्रमण हटाने के संबंध में दिए गए निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा की गई। सांभर झील क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने एवं अवैध गतिविधियों पर कार्यवाही की जानकारी भी बैठक में दी गई। आर्द्रभूमि संरक्षण में आमजन की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित वेटलैंड मित्र पहल की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक 97 वेटलैंड मित्र पंजीकृत किए जा चुके हैं। ये स्थानीय स्तर पर आर्द्रभूमियों की निगरानी, संरक्षण, जनजागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने में सहयोग करेंगे। बैठक में प्राधिकरण के सदस्य एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे एवं संबंधित जिलों के उप वन संरक्षक वी.सी के माध्यम से जुड़े।

राज्य आर्द्रभूमियों के संरक्षण एवं प्रभावी प्रबंधन के लिए समन्वित प्रयास करें : वन एवं पर्यावरण मंत्री
ram


