अवैध पटाखों पर बड़ी कार्रवाई,1350 किलो विस्फोटक सामग्री जब्त

ram

जयपुर। शहर के सुभाष चौक थाना पुलिस ने अवैध रूप से संग्रहित पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1350 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री (पटाखे) जब्त की है। पुलिस ने विभिन्न ब्रांडों के कुल 67 कार्टनों में रखे गए पटाखों को बरामद किया है। मामले में एक आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) पीयूष कविया ने बताया कि यह कार्रवाई खो नागोरियान क्षेत्र में हाल ही में हुए अवैध पटाखा फैक्ट्री हादसे के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चाणक्य मार्ग, तनसुख श्रीमाल की गली स्थित मकान नंबर 971 के एक कमरे में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी हुई है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे से विभिन्न कंपनियों के पटाखों से भरे 67 कार्टन बरामद किए गए, जिनका कुल वजन लगभग 1350 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने समस्त सामग्री को जब्त कर लिया।
थानाधिकारी ओमवीर सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि बरामद पटाखे रोहित अग्रवाल के कब्जे वाले कमरे में रखे हुए थे। पूछताछ में पता चला कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के मौसमी पटाखा कारोबार कर रहा था। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण जन सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल रामनिवास, कांस्टेबल प्रकाश चंद, मुकेश सिंह, कुलदीप सिंह एवं दिनेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *