वन भूमि अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई : 600 बीघा भूमि अतिक्रमण मुक्त करने के आदेश, तीन दोषियों को कारावास

ram

झालावाड़। जिले में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 600 बीघा वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए हैं। वहीं वन विभाग के कार्मिकों पर हमला करने एवं शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में तीन अतिक्रमियों को दो माह के कारावास की सजा सुनाई गई है।

उप वन संरक्षक झालावाड़ सागर पंवार के निर्देशन में वन भूमि अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 12 जून 2026 को न्यायालय सहायक वन संरक्षक, झालावाड़ में सहायक वन संरक्षक मुकेश सहजवानी द्वारा अकलेरा क्षेत्र से संबंधित 180 अतिक्रमण प्रकरणों की सुनवाई की गई।

सुनवाई के उपरांत विभिन्न प्रकरणों में लगभग 600 बीघा वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के आदेश पारित किए गए। साथ ही संबंधित अतिक्रमियों पर वन अधिनियम एवं प्रचलित नियमों के तहत नियमानुसार शास्ति (दण्ड) भी अधिरोपित की गई।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य महत्वपूर्ण प्रकरण में वन विभाग के कार्मिकों पर शासकीय कार्य के दौरान हमला करने तथा विभागीय कार्यवाही में बाधा उत्पन्न करने के मामले में तीन अतिक्रमियों को दोषी पाया गया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों दोषियों को दो माह के कारावास की सजा सुनाई।

न्यायालय के आदेशों की अनुपालना में क्षेत्रीय वन अधिकारी अकलेरा द्वारा दोषसिद्ध अतिक्रमियों को उपकारागृह अकलेरा भेजा गया।

उप वन संरक्षक सागर पंवार ने कहा कि वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण एवं वन अपराधों के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से वन भूमि पर अतिक्रमण नहीं करने तथा वन संरक्षण एवं संवर्धन में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *