श्रीगंगानगर। भारत सरकार के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान‘ के तहत माय भारत के तत्वावधान में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का जिले मे विभिन्न स्थानों पर लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम मे इस अवसर पर पूरे देश के एक करोड़ से अधिक युवाओं ने प्रधानमंत्री के साथ नशा मुक्ति की शपथ ली तथा इस अवसर पर अगले 100 सप्ताह तक चलने वाले “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प” अभियान का भी शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम में जिले के युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशा मुक्ति का संकल्प लिया। युवाओं ने माननीय प्रधानमंत्री के संदेश को सुना- समझा तथा जीवन में अपनाने का प्रण लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ व सशक्त समाज के निर्माण से जोड़ना है। जिला युवा अधिकारी प्राची चौहान ने बताया कि जिले मे कार्यक्रम का आयोजन डी. ए. वी. कॉलेज, श्रीगंगानगर में किया गया। एन.एस.एस. कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मधु वर्मा द्वारा सभी युवाओं को अपने समाज को नशे से मुक्त करने और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया गया। सहायक आचार्य संजय कुमार शर्मा द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक आचार्य रोहित कुमार, अशोक कुमार, अनिल प्रजापति, आशुमाला सोबती एवं पूनम तथा माय भारत स्वयंसेवक पवन शर्मा एवं विनोद कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई स इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण एवं नशामुक्ति शपथ का आयोजन जिले के अनेक शिक्षण संस्थान, विद्यालयों, महाविद्यालयों, युवा मंडलों एवं स्वयंसेवी संस्थानों के द्वारा भी अपने-अपने स्तर पर युवाओं तथा आमजनों के लिए किया गया।

प्रधानमंत्री के “नशा मुक्त भारत” संबोधन का ज़िले में सीधा प्रसारण
ram


