जोधपुर। जोधपुर नगर निगम चुनाव के 100 वार्डों में से 99 सीटों की मतगणना हो गई है। एक वार्ड में एक EVM खराब होने पर काउंटिंग रुकी हुई है। अब तक भाजपा के 44 और कांग्रेस के 44 उम्मीदवार जीते हैं। वहीं अन्य के 11 प्रत्याशी हैं।
वहीं जोधपुर में वार्ड 50 का परिणाम रुका। मशीन में तकनीकी दिक्कत आने से वोटिंग प्रक्रिया में रुकावट आई है। ईवीएम मशीन में खराबी की वजह से करीब आधे घंटे से काउंटिंग नहीं हो पा रही है।
वार्ड 99 से भाजपा की निकिता जीत गई हैं। उन्होंने पूर्व मेयर कुंती देवड़ा को 259 वोटों से हराया।
कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष ओमकार वर्मा वार्ड 42 से हार गए। उनके सामने बीजेपी से पूर्व राज्य मंत्री मेघराज लोहिया थे। मेघराज 279 वोटों से जीत गए हैं।
वहीं भाजपा प्रत्याशी और पूर्व डिप्टी मेयर देवेंद्र सालेचा हार गए। कांग्रेस से पूर्व जिलाध्यक्ष नरेशचंद्र जोशी जीते। दोनों भाजपा और कांग्रेस के मेयर पद के दावेदारों में शामिल थे। इस वार्ड से भाजपा-कांग्रेस में सीधी टक्कर थी।
वार्ड 51 से कांग्रेस की GenZ सरस्वती प्रजापत जीती हैं। सरस्वती सबसे कम उम्र 21 साल की हैं, वे UPSC की तैयारी कर रही हैं। वहीं वार्ड 28 में फुटबॉल नेशनल प्लेयर और भाजपा प्रत्याशी विकास राघवानी जीत गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व पार्षद को हराया। कांग्रेस के पूर्व पार्षद तीसरे नंबर पर रहे।
शहर के पॉलिटेक्निक कॉलेज में सोमवार को काउंटिंग चल रही है। काउंटिंग की शुरुआत डाक मतपत्रों की गिनती से की। इसके बाद अन्य मतों की गणना हुई। इसके लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज के 10 रूम में हर वार्ड के अनुसार अलग-अलग टेबल लगाई गई है।
मतगणना के लिए 117 राउंड निर्धारित किए गए हैं।



