झालावाड़। आवश्यक सेवाओं की साप्ताहिक समीक्षा बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिला कलक्टर ने जिले में आमजन से सीधे जुड़ी आवश्यक सेवाओं, विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक के प्रारम्भ में जिला कलक्टर ने राजकीय कार्यालयों के भवनों के पट्टों के निर्माण एवं उनके पंजीयन के लिए जिले में चलाए गए विशेष अभियान की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तहत समस्त नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर बनाए गए राजकीय कार्यालय भवनों के पट्टों का पंजीयन पूर्ण कर लिया गया है। इस उपलब्धि पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार का कार्य पूर्ण करने वाला झालावाड़ प्रदेश का पहला जिला है। उन्होंने कहा कि सरकारी परिसम्पत्तियों के व्यवस्थित दस्तावेजीकरण एवं राजस्व अभिलेखों में दर्ज होने से इन परिसम्पत्तियों की स्थिति अधिक सुदृढ़ एवं स्पष्ट होगी।
निर्बाध विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश
जिला कलक्टर ने जिले में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए जेवीवीएनएल के अधिकारियों को झालावाड़ शहर सहित सम्पूर्ण जिले में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जाए तथा फॉल्ट एवं तकनीकी समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें।
उन्होंने जिले में पेयजल आपूर्ति की भी विस्तार से समीक्षा की। जल स्रोत क्षेत्रों में अत्यधिक जलभराव अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूर्व तैयारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाओं सहित सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
जमींदोज राजकीय विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण पर चर्चा
बैठक में जमींदोज किए गए राजकीय विद्यालयों के भवनों के पुनर्निर्माण के संबंध में भी चर्चा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों से पुनर्निर्माण के लिए तैयार की गई कार्ययोजना एवं बजट आवंटन की जानकारी लेते हुए आगामी कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय भवनों से संबंधित कार्यों में आवश्यक समन्वय रखते हुए विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता दी जाए।
सम्पर्क पोर्टल एवं ई-फाइलों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश
जिला कलक्टर ने ’’सम्पर्क पोर्टल’’ पर दर्ज आमजन की शिकायतों के निस्तारण की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों में आवश्यक गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक होना चाहिए। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों को ई-फाइलों का निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा
बैठक में रसद, जल संसाधन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, कृषि सहित विभिन्न विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने विभागवार कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने पर जोर दिया।
जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में आमजन को उपलब्ध कराई जाने वाली आवश्यक सेवाओं में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचाया जा सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचन्द्र खटीक, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शम्भूदयाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



