जयपुर: राज्य मानवाधिकार आयोग में शीतकालीन इन्टर्नशिप कार्यक्रम की हुई शुरुआत- प्रत्येक पीड़ित मानव की सहायता सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य- आयोग सदस्य श्री अशोक कुमार गुप्ता

ram

जयपुर। राजस्थान राज्य मानव अधिकार आयोग में 1 दिसंबर से 19 दिसंबर तक 15 दिवसीय शीतकालीन इन्टर्नशिप कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इंटर्नशिप में राजस्थान सहित अन्य राज्यों के 15 विश्वविद्यालय व महाविद्यालयों के कुल 48 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। राज्य मानवाधिकार आयोग के सदस्य श्री अशोक कुमार गुप्ता ने सोमवार को कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की न्याय व्यवस्था में प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार प्राप्त हैं। इसलिए हमारा कर्तव्य है कि प्रत्येक पीड़ित मानव की सहायता सुनिश्चित हो। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस इंटर्नशिप कार्यक्रम का पूर्ण लाभ उठाकर समाज में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। पुलिस महानिरीक्षक श्री हिंगलाजदान ने कहा कि किसी भी देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में मानवाधिकारों का सर्वोच्च स्थान होता है। सभी नागरिकों को समान अवसर उपलब्ध कराना और उनके मानवाधिकारों की रक्षा करना हम सबका दायित्व है। उल्लेखनीय है कि इस इन्टर्नशिप कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के लगभग 50 विषय विशेषज्ञों को व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया है जो विभिन्न शिक्षण-संस्थाओं, न्यायिक सेवा, गैर सरकारी संगठन, पुलिस एवं प्रशासनिक सेवाओं व अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों जैसे फोरेंसिक साईंस लेबोरेट्री व यूनिसेफ से जुड़े हैं। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी इस कार्यक्रम में आमंत्रित किये गए हैं। विशेषज्ञों द्वारा महिला-बच्चों व अन्य कमजोर वर्ग, कार्यस्थल पर यौन उत्पीडन, लैंगिक समानता, कारागृह प्रशासन व गुड गवर्नेंस, आर.टी.आई., फॉरेंसिक साईंस और क्रिमिनल जस्टिस, इन्टलेक्चुअल प्रोपर्टी राईट्स, संवैधानिक नैतिकता, एलजीबीटीक्यू, पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन, अम्बेडकर दर्शन, एंटीडोपिंग और विशेषकर वर्तमान समय की प्रासंगिकता को देखते हुए साईबर क्राईम और आर्टीफिशल इंटेलीजेंस जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान दिए जायेगे। इस दौरान रजिस्ट्रार श्री संजय कुमार, उप सचिव प्रगति आसोपा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं कार्यक्रम कोर्डिनेटर डॉ. संध्या यादव, उपनिरीक्षक श्री ओमप्रकाश, सहायक उपनिरीक्षक श्री भोजराज, रीडर श्री सुरेश कुमार व निजी सहायक श्री गिरवर सिंह सहित समस्त प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *