जयपुर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में ग्रैटीट्यूड ट्री के रूप में एक अनूठी पहल की गई। यह पहल मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर रखने और कार्यालय में सकारात्मक माहौल की सोच के साथ शुरू की गई है।स्वास्थ्य भवन परिसर में गणतंत्र दिवस समारोह में निदेशक जनस्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, निदेशक आरसीएच डॉ. मधु रतेश्वर एवं निदेशक एड्स डॉ. सुशील परमार ने मानसिक स्वास्थ्य हेतु ग्रैटीट्यूड ट्री जैसी सकारात्मक पहल का शुभारम्भ किया।ग्रैटीट्यूड ट्री का उद्देश्य स्वास्थ्य भवन में एक सकारात्मक और भावनात्मक वातावरण को बढ़ावा देना है, जो हमारे जीवन मूल्यों एवं भारतीय संस्कृति को दर्शाता है। यह स्वास्थ्य कर्मियों को सकारात्मकता और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जागरूक करने एवं माइंडफुलनेस विकसित करने में सहायक होगा। निदेशक जनस्वास्थ्य ने कहा कि कृतज्ञता का भाव बेहद प्रभावी होता है। इससे सहयोगात्मक एवं स्वस्थ माहौल का निर्माण होता है। कार्यशैली बेहतर होती है। कार्मिकों के बीच व्यवहार अच्छा होने के साथ ही उनकी कार्यकुशलता एवं कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य कार्यालयों में भी इस पहल को अपनाया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक ग्रामीण स्वास्थ्य डाॅ. प्रवीण असवाल, अतिरिक्त निदेशक अस्पताल प्रशासन डाॅ. नरोत्तम शर्मा, अतिरिक्त निदेशक आरसीएच डॉ. जोगेश्वर प्रसाद, राज्य नोडल अधिकारी राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम डॉ एसएम स्वामी सहित अन्य अधिकारीगण एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

जयपुर; गणतंत्र दिवस पर अभिनव पहल स्वास्थ्य भवन में ग्रैटीट्यूड ट्री का शुभारम्भ
ram


