जयपुर : दौसा के लालसोट से कांग्रेस का ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान शुरू, डोटासरा ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

ram

जयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को दौसा जिले के लालसोट से ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस सांसद, विधायक, प्रत्याशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखे हमले बोलते हुए जनता से अपील की कि लोकतंत्र बचाने के लिए इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाया जाए।
कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां और भाजपा पर आरोप- सभा को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत बनाया गया और इसका श्रेय पूर्व चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा को जाता है, जिनकी पूरे प्रदेश में तारीफ होती है। डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने नई स्कूलें खोलीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) स्थापित किए, बुजुर्गों और जरूरतमंदों को पेंशन दी, बिजली-पानी की व्यवस्था को सुदृढ़ किया और ईआरसीपी परियोजना के माध्यम से जल संकट को दूर करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने झूठे वादों और जुमलों से कांग्रेस सरकार को बदनाम किया और सत्ता हथिया ली।
भाजपा नेतृत्व और मुख्यमंत्री पर हमला- डोटासरा ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग नेताओं को मुख्यमंत्री बनाने की बात कहकर जनता को गुमराह किया। कभी किरोड़ी लाल मीणा, कभी सी.पी. जोशी, तो कभी अर्जुन राम मेघवाल और वसुंधरा राजे के नाम सामने आए। लेकिन अंततः भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री बना दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा अगर पहले ही भजनलाल का नाम सामने रखती तो जनता उन्हें स्वीकार नहीं करती। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली से भेजी गई भाजपा की पर्ची “गूंगी और बहरी” है, जो न जनता की सुन रही है और न ही जनता के लिए कोई ठोस निर्णय ले रही है। मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपना समय हवा में उड़नखटोले में यात्रा करने में व्यतीत कर रहे हैं, जबकि किसान, नौजवान और गरीब अपनी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
किसानों और आमजन की समस्याओं पर चर्चा- कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि स्मार्ट मीटर के नाम पर किसानों को परेशान किया जा रहा है। अतिवृष्टि से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, लेकिन सरकार ने न गिरदावरी की और न ही मुआवजा दिया। उन्होंने बेरोजगारी, टूटी सड़कों और पेंशन न मिलने की समस्याओं को भी गंभीर बताया। डोटासरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने पहला चुनाव झूठे वादों के आधार पर, दूसरा चुनाव सेना के शौर्य के पीछे छिपकर और तीसरा चुनाव वोट चोरी से जीता। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया गया था, लेकिन न मुआवजा मिला, न बीमा क्लेम। उल्टा स्मार्ट मीटर लगाकर किसानों पर बोझ और बढ़ा दिया गया।
लोकतंत्र और विधानसभा पर टिप्पणी- डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की मर्यादा को तोड़ रही है। विधानसभा में जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय दो कैमरे लगाकर विधायकों की जासूसी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के मंदिर की गरिमा को तार-तार करने का काम है। उन्होंने याद दिलाया कि यूपीए सरकार के समय 72 हजार करोड़ रुपये का किसानों का कर्ज माफ किया गया था और राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने 14 हजार करोड़ का ऋण माफ किया। वहीं भाजपा ने किसानों को कोई राहत नहीं दी।
रोजगार और युवाओं के मुद्दे- डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने 3.5 लाख युवाओं को रोजगार दिया था। जबकि मौजूदा भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने तक केवल वही भर्तियां पूरी की गईं जो कांग्रेस सरकार ने निकाली थीं। उन्होंने कहा कि नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा और सरकार बेरोजगारी के आंकड़े छिपा रही है।
राहुल गांधी की भूमिका और वोट चोरी का मुद्दा- सभा में डोटासरा ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने साबित कर दिया है कि भाजपा ने वोट चोरी कर सरकार बनाई है। अब भाजपा एसआईआर लागू कर रही है, जिसके तहत कांग्रेस समर्थकों के वोट काटे जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा दो तरीके से वोट चोरी करती है – एक तरफ फर्जी वोट जोड़कर और दूसरी तरफ कांग्रेस समर्थकों के वोट काटकर। इसीलिए कांग्रेस ने संगठन को चुस्त-दुरुस्त किया है और हर विधानसभा क्षेत्र में बीएलए नियुक्त किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर जन-जागरण अभियान चलाएं और लोगों को समझाएं कि कांग्रेस और भाजपा में क्या फर्क है।
कांग्रेस की नीतियां और भाजपा पर प्रहार- डोटासरा ने कहा कि जब यूपीए सरकार सत्ता में थी तब शिक्षा का अधिकार कानून, मनरेगा और खाद्य सुरक्षा अधिनियम जैसे कानून लाए गए ताकि गरीब भूखा न सोए। लेकिन मोदी सरकार ने नोटबंदी, गलत जीएसटी और तीन काले कृषि कानून लागू कर किसानों को संकट में डाल दिया। उन्होंने गुजरात मॉडल को भी विफल बताते हुए कहा कि इसका मतलब है कि जो सबसे कमजोर हो, वह अपने विवेक से कोई निर्णय न ले, बल्कि दिल्ली से पर्ची का इंतजार करे और उसी के अनुसार काम करे।
चुनाव टालने और भ्रष्टाचार के आरोप- डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार पंचायती राज और नगर निकायों के चुनाव टाल रही है। कभी अक्टूबर, कभी नवम्बर, कभी दिसम्बर और अब जनवरी 2026 की तारीख दी जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच जाने से डरती है क्योंकि उसने जनता के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने शिक्षा मंत्री और कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा पर भी हमला बोला। कहा कि शिक्षा मंत्री अपनी भाषा और वक्तव्यों से पूरे प्रदेश को शर्मसार कर रहे हैं। वहीं कृषि मंत्री ने नकली खाद-बीज पर छापे डाले लेकिन आज तक किसी पर कार्रवाई नहीं हुई। बजरी चोरी को लेकर उन्होंने कहा कि प्रतिदिन 8 करोड़ रुपये की बजरी चोरी हो रही है, लेकिन सरकार चुप है।
राहुल गांधी की यात्राओं बनाम मोदी के विदेशी दौरे- डोटासरा ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि राहुल गांधी समाज को जोड़ने का काम कर रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश यात्राओं में व्यस्त रहते हैं और कभी अमेरिका के सामने सरेंडर करते हैं।
कांग्रेस का आह्वान- डोटासरा ने अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नगर निकाय और पंचायत चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताकर भेजें। उन्होंने कहा कि जनता के विकास कार्यों और समस्याओं के समाधान का काम कांग्रेस पार्टी ही कर सकती है। भाजपा सरकार आमजन के हितों पर लगातार कुठाराघात कर रही है और समाज में भाईचारे की बजाय विभाजन का काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *