जयपुर: एडवोकेट और तेज-तर्रार प्रवक्ता राखी राठौड़ को भाजपा ने सौंपी महिला मोर्चा की कमान

ram

जयपुर। राजस्थान भाजपा ने संगठन को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राखी राठौड़ को भाजपा महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी नेतृत्व ने उनके नाम पर मुहर लगाकर महिला संगठन को नई दिशा देने का संकेत दिया है। पेशे से एडवोकेट राखी राठौड़ वर्तमान में भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता भी हैं। वे इससे पहले नगर निगम के वार्ड 61 से पार्षद रह चुकी हैं। इसके अलावा जयपुर ग्रेटर नगर निगम में उद्यान एवं पर्यावरण समिति की चेयरमैन के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। राखी राठौड़ को पार्टी में मृदुभाषी, लेकिन तेज-तर्रार वक्ता के रूप में जाना जाता है। उनकी नियुक्ति के साथ ही भाजपा ने सामाजिक और संगठनात्मक संतुलन साधने की कोशिश की है। पार्टी में महिला मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष राजपूत, वैश्य अथवा ब्राह्मण वर्ग से बनाए जाने की संभावनाएं थीं। लेकिन पार्टी ने राखी राठौड़ को यह जिम्मेदारी देकर ऐसा नाम चुना। जिस पर किसी प्रकार का विवाद नहीं है। गौरतलब है कि भाजपा ने गत दिनों सात में से छह मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की घोषणा कर दी थी। लेकिन महिला मोर्चा की घोषणा रोक दी गई थी। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि इस पद पर शीघ्र नियुक्ति की जाएगी। जिसके बाद राखी राठौड़ के नाम की घोषणा कर दी गई। राखी राठौड़ के सामने अब महिला मोर्चा को पुनः सक्रिय और संगठित करने की बड़ी जिम्मेदारी है। पद करीब ग्यारह महीने से रिक्त रहने के कारण महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उदासीनता देखी जा रही थी। पार्टी नेतृत्व भले ही इसे सामान्य मानता रहा हो। लेकिन संगठनात्मक स्तर पर इसका असर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। अब राखी राठौड़ से अपेक्षा है कि वे प्रदेशभर में महिलाओं को जोड़कर महिला मोर्चा को नई ऊर्जा प्रदान करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *