कोलकाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में कहा- यहां की तस्वीर बता रही है कि बंगाल में इस बार एक अलग माहौल है। कुछ अलग होने जा रहा है। पश्चिम बंगाल मोदी के मिशन पूर्वी भारत का बहुत महत्वपूर्ण राज्य है। आजादी के 50 साल तक कांग्रेस के परिवार ने ही सरकारें चलाई, लेकिन कांग्रेस शासन में पूर्वी भारत को सिर्फ गरीबी मिली, सिर्फ पलायन मिला।
पश्चिम बंगाल हो, बिहार हो, झारखंड हो, ओडिशा हो, आंध्र प्रदेश हो। कांग्रेस और इंडी अलायंस के दलों ने पूर्वी भारत को पिछड़ा ही छोड़ दिया। 2014 में आपने मोदी को मौका दिया, मोदी ने ठाना है कि वो देश के पूर्वी हिस्से को विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनाएगा।
मोदी ने कहा- एक समय था जब बंगाल घुसपैठियों के खिलाफ क्रांति किया करता था, लेकिन आज TMC के संरक्षण में यहां घुसपैठिए फल-फूल रहे हैं। आज स्थिति यह है कि बंगाल में अपनी आस्था का पालन करना भी गुनाह हो गया है। बंगाल में TMC सरकार राम का नाम नहीं लेने देती है।
प्रधानमंत्री ने कहा- इन लोगों ने बंगाल में हिंदुओं को दोयम दर्जे का नागरिक बनाकर रख दिया है। तुष्टिकरण की ज़िद में INDI गठबंधन SC-ST-OBC को मिलने वाला आरक्षण भी छीनना चाहती है। ये लोग कह रहे हैं कि आरक्षण अब मुसलमानों को दिया जाए।
पूरा का पूरा आरक्षण मुसलमानों को दिया जाए। कर्नाटक में कांग्रेस ने OBC को मिलने वाले सारे आरक्षण मुसलमान को दे चुकी है। वोट बैंक की इसी राजनीति ने CAA जैसे मानवता की रक्षा करने वाले कानून को विलेन बना दिया।