आरएसी के जांबाजों का बढ़ा मान: महानिदेशक संजय अग्रवाल ने 128 पुलिसकर्मियों की थपथपाई पीठ

ram

जयपुर। राजस्थान पुलिस की आर्म्ड बटालियन में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के मनोबल को नई ऊर्जा देने के लिए आज बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस विभाग में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले आरएसी के 128 पुलिसकर्मियों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए पुलिस मुख्यालय आमंत्रित किया गया, जहाँ उच्चाधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से उनसे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस कार्यक्रम के दौरान आरएसी के जवानों को उनकी दो अलग-अलग श्रेणियों में की गई विशिष्ट सेवाओं के लिए बधाई दी गई। 116 पुलिसकर्मियों को खेल, प्रशिक्षण, रिजर्व पुलिस लाइन प्रबंधन, सामान्य प्रशासन और कल्याणकारी कार्यों में सुधार के लिए महानिदेशक पुलिस प्रशस्ति डिस्क एवं प्रशस्ति रोल हेतु चयनित किया गया है। आज के कार्यक्रम में इन सभी को उनके इन सराहनीय प्रयासों के लिए विशेष रूप से सराहा गया। बटालियन में घुड़सवार और बैंड दल में पदस्थापित 12 पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए 5100-5100-रुपये नकद इनाम और प्रशंसा पत्र प्रदान किए जाने की घोषणा के साथ ही आज उनकी हौसला अफजाई की गई।
अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से दी शुभकामनाएं
पुलिस मुख्यालय स्थित सभा कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में महानिदेशक पुलिस आर्म्ड बटालियन संजय अग्रवाल एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस रुपिंदर सिंघ ने सभी 128 जांबाजों से मुलाकात की। अधिकारियों ने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में और भी बेहतर परिणाम देने के लिए प्रेरित किया। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से जवानों के मनोबल को बढ़ाने और विभाग के प्रति उनके समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
फोर्स में नई ऊर्जा का संचार
महानिदेशक संजय अग्रवाल ने जवानों को संबोधित करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की और कहा कि आर्म्ड बटालियन का हर जवान अनुशासन और सेवा की प्रतिमूर्ति है। उन्होंने कहा कि वे हरदम अपने हुनर को तराशने का प्रयास करें, पुलिस मुख्यालय उनके इस कार्य में हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सीधा संवाद और उत्साहवर्धन कार्यक्रमों से तकनीकी और सामान्य संवर्ग सहित पूरी फोर्स में सकारात्मकता का संचार होता है। कार्यक्रम में डीआईजी श्वेता धनकड़, एसपी विनीत बंसल, कमांडेंट एसडीआरएफ राजेंद्र सिंह सिसोदिया भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *