संसद परिसर में पप्पू यादव की वेशभूषा पर हिंदू सेना नाराज, लोकसभा सदस्यता रद्द करने की मांग

ram

नई दिल्ली। हिंदू सेना ने लोकसभा सांसद पप्पू यादव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि संसद परिसर में संत का वेश धारण कर उन्होंने सनातन संस्कृति और करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर आपत्ति दर्ज कराई है। पत्र में कहा गया है कि हाल ही में संसदीय सत्र के दौरान सांसद पप्पू यादव संसद परिसर में पुजारी का रूप बनाकर आए थे। हिंदू सेना ने इसे राजनीतिक स्टंट बताया। संगठन के अनुसार, पप्पू यादव ने इस हरकत से सनातन धर्म की आस्था, पवित्र केसरिया वस्त्र और भगवान श्री राम से जुड़े पूजनीय विषयों का मजाक उड़ाया गया है। इससे देशभर के सनातन धर्म को मानने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। हिंदू सेना ने कहा कि संसद हमारी सर्वोच्च संस्था है। यहां गरिमा और अनुशासन बनाए रखना हर सांसद की जिम्मेदारी है, लेकिन पप्पू यादव के इस कृत्य से संसद की मर्यादा का खुला उल्लंघन हुआ है।
इसीलिए हिंदू सेना ने लोकसभा अध्यक्ष से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और सांसद पप्पू यादव की संसदीय सदस्यता तत्काल रद्द की जाए। संगठन का कहना है कि ऐसा कदम उठाकर ही संसद की पवित्रता को बचाया जा सकता है और आहत धार्मिक भावनाओं को शांत किया जा सकता है।
हिंदू सेना ने पत्र में लिखा कि धर्म और आस्था का सम्मान करना जरूरी है। अगर संसद के अंदर ही इस तरह के कृत्य होंगे तो आम जनता का भरोसा टूटेगा। इसलिए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने से पहले सोचे।
हिंदू सेना एक भारतीय दक्षिणपंथी हिंदुत्ववादी संगठन है। इसकी स्थापना 10 अगस्त 2011 को विष्णु गुप्ता द्वारा की गई थी, जो इसके वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *