भाजपा राजस्थान के फेसबुक पेज पर 3 मिलियन सदस्यों का ऐतिहासिक आंकड़ा पार करने पर समस्त कार्यकर्ताओं, समर्थकों और देवतुल्य जनता का हृदय से आभार :— मदन राठौड़

ram

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान के आधिकारिक फेसबुक परिवार द्वारा 3 मिलियन (30 लाख) सदस्यों का ऐतिहासिक आंकड़ा पार करने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रदेशभर के समस्त कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं राजस्थान की देवतुल्य जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि “3 Million Strong– आपका विश्वास, हमारी शक्ति” केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि यह भाजपा के प्रति जनता के अटूट विश्वास, स्नेह और समर्थन का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह सफलता संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के अथक परिश्रम, समर्पण और सेवा भाव का परिणाम है, जिन्होंने डिजिटल माध्यमों के जरिए पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। राठौड़ ने सोशल मीडिया संयोजक हिरेंद्र कौशिक और उनकी टीम के कार्य की सराहना करते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया जनसंवाद का एक अत्यंत प्रभावी माध्यम बन चुका है। भाजपा राजस्थान ने इस मंच का सकारात्मक उपयोग करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठन की गतिविधियों और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में लोग इस डिजिटल परिवार से जुड़ रहे हैं और भाजपा के विचारों को समर्थन दे रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि यह उपलब्धि हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और हमें और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करती है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के विश्वास को सर्वोपरि मानते हुए प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए निरंतर समर्पित रहेगा। प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और प्रदेशवासियों का पुनः आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि भाजपा राजस्थान आने वाले समय में भी सेवा, समर्पण और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ते हुए प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि “आपका साथ, हमारा संकल्प — विकसित राजस्थान, सशक्त भारत” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए भाजपा पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी। इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ट्वीट करते हुए इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि भाजपा राजस्थान के फेसबुक पर 30 लाख सदस्यों का यह अटूट जुड़ाव आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और संगठन के सेवा संकल्प पर राजस्थान के जन-जन के विश्वास का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने सभी फेसबुक सदस्यों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं का हार्दिक अभिनंदन करते हुए कहा कि यह आत्मीय जुड़ाव ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को और अधिक शक्ति प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *