हनुमानगढ़। जिले को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार को संगरिया ब्लॉक के ग्राम इंद्रपुरा में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत चिन्हित हाई रिस्क गांवों में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि शिविर में आमजन को हैंडहेल्ड एक्सरे मशीन के माध्यम से निःशुल्क चेस्ट एक्सरे सुविधा उपलब्ध करवाई गई। शिविर के दौरान कुल 202 मरीजों के चेस्ट एक्सरे किए गए। इसके साथ ही लोगों की हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) तथा रक्तचाप की जांच कर स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया।
डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि टीबी के संभावित मरीजों की समय रहते पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ने के उद्देश्य से जिले के हाई रिस्क गांवों में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य टीमें घर-घर सर्वे, स्क्रीनिंग एवं जांच कार्य कर रही हैं, जिससे टीबी रोग की शीघ्र पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि जिले में 4 जुलाई तक विशेष हेल्थ कैंप आयोजित किए जाएंगे। अब तक अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों में 1 लाख 76 हजार 159 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जबकि 68 हजार 817 लोगों को चेस्ट एक्सरे सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डाॅ. मुकेश शेखावत ने बताया कि स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध पाए जाने वाले व्यक्तियों के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार उपचार शुरू किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी, बुखार, वजन में कमी या अन्य टीबी संबंधी लक्षण हों तो वे निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जांच अवश्य करवाएं तथा विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्वास्थ्य शिविरों का लाभ उठाएं।



