ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM)-2026: आधुनिक कृषि क्रांति की ओर राजस्थान का बड़ा कदम

ram

जयपुर। राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM)-2026 को प्रदेश में आधुनिक, तकनीक आधारित और बाजार उन्मुख कृषि के नए युग की शुरुआत माना जा रहा है। शनिवार को प्रमुख शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी श्रीमती मंजू राजपाल की अध्यक्षता में JECC, सीतापुरा, जयपुर में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई, जिसमें सभी संबंधित कमेटियों एवं FICCI अधिकारियों ने भाग लिया तथा JECC में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक के दौरान प्रमुख शासन सचिव ने आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। आयुक्त कृषि श्री नरेश कुमार गोयल ने विशेष रूप से गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल, सरस की लस्सी, छाया और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि GRAM-2026 केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी उन्नयन और बाजार से सीधे जुड़ाव का सशक्त मंच बनेगा। इस आयोजन के माध्यम से किसानों को ड्रोन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रिसिजन फार्मिंग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती जैसे अत्याधुनिक कृषि नवाचारों से अवगत कराया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, तकनीकी सत्रों, प्रदर्शनी, किसान भागीदारी और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं पर गहन चर्चा की गई। साथ ही स्टार्टअप्स, एग्रीटेक कंपनियों और किसानों के बीच संवाद स्थापित कर कृषि को लाभकारी और टिकाऊ बनाने की दिशा में ठोस रणनीति पर विचार किया गया। आयुक्त कृषि ने अधिकारियों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता और समयबद्ध तरीके से करें, ताकि आयोजन में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। JECC, सीतापुरा (जयपुर) में 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाला यह भव्य एग्रीटेक मीट प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कृषकों के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन है। आयोजन में प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों से 75 हजार से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। इस मेगा इवेंट का मुख्य उद्देश्य किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, नीति निर्माताओं और निवेशकों को एक साझा मंच पर लाकर कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी प्रगति और निवेश को बढ़ावा देना है। इसके तहत नवीन तकनीक आधारित कृषि प्रणाली, मूल्य संवर्धन, निर्यातोन्मुखी उत्पादन और आधुनिक विपणन व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा वैश्विक तकनीकी हस्तांतरण को बढ़ावा देने के लिए विदेशों में रोड शो आयोजित करने की भी योजना बनाई गई है, जिससे राजस्थान के कृषि क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाया जा सके। “किसान सशक्तिकरण ही ग्रामीण विकास की पूंजी है”—इस मूल मंत्र के साथ GRAM-2026 खेती को व्यावसायिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ाने, कृषि निर्यात को गति देने और ग्रामीण युवाओं को कृषि उद्यमिता की ओर प्रेरित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित होगा। बैठक में आयुक्त उद्यानिकी श्रीमती श्वेता चौहान, निदेशक कृषि विपणन श्री राजेश कुमार चौहान, अतिरिक्त निदेशक विपणन श्री सुरेंद्र सिंह यादव, जनरल मैनेजर कृषि विपणन बोर्ड श्रीमती संतोष करौल, उप सचिव कृषि श्रीमती स्नेहा लता सहित कृषि एवं संबंधित विभागों तथा FICCI के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *