‘बोल सवाई माधोपुर’ इंग्लिश स्पोकन कैंप का सीईओ गौरव बुड़ानिया ने किया निरीक्षण

ram

सवाई माधोपुर। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘बोल सवाई माधोपुर’ इंग्लिश स्पोकन कैंप का मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया ने निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनकी सीखने की प्रगति का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित करते हुए नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी अंग्रेजी संवाद कौशल का प्रदर्शन कर अपनी प्रगति साझा की।
पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर:- सीईओ गौरव बुड़ानिया ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में स्पोकन इंग्लिश एवं प्रभावी संचार कौशल सफलता की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। सवाई माधोपुर विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल होने के कारण यहां के युवाओं के लिए पर्यटन, होटल, गाइड सेवा एवं आतिथ्य क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। बेहतर भाषा एवं संवाद कौशल युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाने में सक्षम बनाएंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर सीखने, व्यक्तित्व विकास एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला सहप्रभारी प्रेमराज मीणा, ब्लॉक प्रभारी कृष्णानंद गुप्ता, प्रधानाचार्य कल्पना शर्मा, प्रशिक्षक नीलम धनवानी, सीमा नसीब, स्नेहलता शर्मा एवं महेंद्र सिंधी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *