नई दिल्ली। भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया। टीम तीसरी बार टी-20 में वर्ल्ड चैंपियन बनी। अहमदाबाद में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट झटके और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के आखिरी तीन मैचों में शानदार प्रदर्शन के कारण सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। इसमें इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल की अहम पारियां शामिल हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के 5 मैचों में 321 रन बनाए। संजू सैमसन ने टी-20 वर्ल्ड कप में अपने शानदार प्रदर्शन का श्रेय सचिन तेंदुलकर से हुई बातचीत को दिया। वहीं, कप्तान सूर्या ने जसप्रीत बुमराह को नेशनल धरोहर बताया।
सैमसन- दो महीने से सचिन सर के संपर्क में था
सैमसन ने कहा, जब मैं ऑस्ट्रेलिया में टी-20 सीरीज के दौरान बाहर बैठा था और खेलने का मौका नहीं मिल रहा था, तब मैंने सोचा कि मुझे किस तरह का मानसिक नजरिया चाहिए। पिछले दो महीनों से मेरी सचिन सर से लगातार बात हो रही थी। मैंने उनसे संपर्क किया और लंबी बातचीत की। उनसे मार्गदर्शन मिलना बहुत बड़ी बात है। मैच से पहले भी उन्होंने फोन कर पूछा कि मैं कैसा महसूस कर रहा हूं। उनसे मिली सलाह, तैयारी और खेल को समझने की बात मेरे लिए बहुत मददगार रही।
न्यूजीलैंड सीरीज के बाद टूट गया था- संजू
सैमसन ने बताया कि न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टी-20 सीरीज उनके लिए बेहद मुश्किल रही। उस सीरीज में उन्होंने पांच पारियों में सिर्फ 46 रन बनाए थे और बाद में प्लेइंग इलेवन से भी बाहर हो गए थे। इसके बाद सुपर-8 स्टेज में उन्हें फिर मौका मिला और उन्होंने लगातार तीन अहम मैचों में 97 नाबाद, 89 और 89 रन की पारियां खेलीं। टूर्नामेंट में उन्होंने पांच मैचों में 321 रन बनाए, जो प्रतियोगिता में तीसरा सबसे ज्यादा स्कोर रहा। उनका स्ट्राइक रेट 199.37 रहा। सैमसन ने कहा, न्यूजीलैंड सीरीज के बाद मैं पूरी तरह टूट गया था। मुझे लगा था कि मेरे सपने खत्म हो गए हैं। लेकिन शायद भगवान की अलग योजना थी। अहम मैचों में मुझे मौका मिला और मैंने देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की।
2024 के बाद से ही तैयारी शुरू कर दी थी
सैमसन ने कहा कि उनकी तैयारी की शुरुआत 2024 टी-20 वर्ल्ड कप के समय ही हो गई थी। उस टूर्नामेंट में वह टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। सैमसन ने कहा, तब से मैं लगातार सोचता रहा और मेहनत करता रहा कि मुझे क्या हासिल करना है। अहमदाबाद में जो हुआ, वही मैं तब से देख रहा था और उसके लिए काम कर रहा था। उन्होंने कहा कि अभी यह सब किसी सपने जैसा लग रहा है और वह इस पल का आनंद लेना चाहते हैं। भविष्य के लक्ष्यों के बारे में पूछने पर सैमसन ने कहा कि अभी वह इस उपलब्धि का आनंद लेना चाहते हैं और कुछ दिन बाद आगे के बारे में सोचेंगे।



