जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि शेखावाटी में यमुना के पानी का दशकों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। 34 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत की यमुना जल परियोजना के अंतर्गत तीन पाइपलाइनों से हथिनीकुंड बैराज से सीकर, चूरू, झुंझुनूं और आसपास के क्षेत्रों तक पेयजल लाया जाएगा जिससे यह क्षेत्र खुशहाल और समृद्ध होंगे। अपर यमुना बेसिन में रेणुका, लखवार और किशाऊ बांध से राजस्थान के हिस्से का पानी गैर-मानसून अवधि में भी लगातार आता रहेगा। उन्होंने कहा कि आज हंसियावास जलाशय परिसर में 800 करोड़ रुपये की लागत के कृत्रिम जलाशय का शिलान्यास शेखावाटी में यमुना जल लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका काम जल्द ही शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री गुरूवार को फतेहपुर में सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा ही प्रभु सेवा के अन्तर्गत चूरू, झुंझुनूं एवं सीकर जिलों के विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार अभूतपूर्व काम कर रही है। उनके मार्गदर्शन में दशकों से लंबित परियोजनाओं को गति मिल रही है। देशभर में 10 अंतर-राज्यीय जल समझौतों का समाधान हुआ है। जिसमें राज्य से जुड़ी रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, नर्मदा जल से संबंधित समझौता और किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना शामिल है। इसके अलावा प्रदेश में जल जीवन मिशन के तहत 15 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन से किए हर वादे को पूरा कर रही है और संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादे पूरे किए जा चुके हैं।
गांव-वार्डों की समग्र योजना में सुविधाओं और सेवाओं का विस्तार
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाने के लिए 4 लाख सरकारी भर्तियों का संकल्प लिया गया है। इसमें से अब तक 1 लाख 89 हजार से अधिक पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। 1 लाख 22 हजार पदों पर भर्ती की कार्यवाही प्रक्रियाधीन हैं। सवा लाख पदों के लिए भर्ती कैलेण्डर जारी किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गांव और वार्डों के विकास के लिए समग्र योजना बनाई है। इसके अंतर्गत सुविधाओं एवं सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। गांवों में अटल ज्ञान केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण परिवेश के छात्रों को ई-लाइब्रेरी और ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज राजस्थान ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। वहीं, डेयरी और रोडवेज जैसे विभाग घाटे से उबर कर मुनाफे में आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 3 लाख 82 हजार आवास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसान, मजदूर, महिला और युवा के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 3 लाख 82 हजार आवास बनाए जा चुके हैं और 4 लाख 53 हजार आवासों का निर्माण प्रगतिरत है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि में निरंतर बढ़ोतरी भी की जा रही है। वहीं, प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवा रहे हैं। अब तक साढ़े 18 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, अन्नदाता को संबल प्रदान के लिए किसान सम्मान निधि की राशि को बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया है। आज राजस्थान में गेहूं पर सबसे ज्यादा एमएसपी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘शेखावाटी हवेली संरक्षण योजना’ के अन्तर्गत झुंझुनूं, चूरू एवं सीकर में 660 से अधिक हवेलियों को आर्थिक सहायता देकर उनका संरक्षण कर रही है। इससे पर्यटन बढ़ेगा, स्थानीय लोगों को काम मिलेगा तथा पूरे क्षेत्र में समृद्धि के नए द्वार खुलेंगे। वहीं, शेखावाटी जिलों में कनेक्टिविटी सुधार के लिए भी राजमार्गों का विस्तार किया जा रहा है। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शेखावाटी क्षेत्र को यमुना जल समझौते की महत्वपूर्ण सौगात मिली। इसी दिशा में इसके सफल क्रियान्वयन के लिए हंसियावास में कृत्रिम जलाशय का निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए जल और ऊर्जा के क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है। प्रदेश के युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिल रहा है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में राजस्थान में विकास के नये कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने चूरू, झुंझुनूं और सीकर जिलों के लिए 1 हजार 277 करोड़ रुपये के 83 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ऊर्जा विभाग के लगभग 296 करोड़ रुपये की लागत के 6 कार्यों सहित चिकित्सा शिक्षा, स्कूल एवं संस्कृत शिक्षा, अल्पसंख्यक मामलात, सार्वजनिक निर्माण एवं पशुपालन विभाग तथा आईटीआई मंडावा का भवन निर्माण, जिला परिवहन कार्यालय भवन खेतड़ी, बास्केट बॉल एकेडमी जिला स्टेडियम-सीकर, पड़िहारा-लोहा ग्रामीण पेयजल आपूर्ति योजना रतनगढ़ के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया। वहीं, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, ऊर्जा विभाग के विभिन्न कार्यों का शिलान्यास भी किया गया। इन कार्यों से जनसुविधाओं का विस्तार होगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी। इस दौरान विधायक गोरधन, हरलाल सहारण, राजेन्द्र भांबू, विक्रम सिंह जाखल, जेठानंद व्यास, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, फतेहपुर नगर परिषद् सभापति अंजू भिंडा एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने श्री अमृतनाथ आश्रम में महंत श्री नरहरि नाथ जी से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद लिया और ब्रह्मलीन संतों के समाधि मंदिर के दर्शन किए।



