जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। प्रदेश में जहां अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राजधानी जयपुर में तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए जयपुर में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, सीएम भजनलाल शर्मा ने सुबह सेंट्रल पार्क में परिंडे बांधे। भीषण गर्मी से राहत के लिए जयपुर में पुलिसवाले भी स्मोक गन की फुहारों के नीचे खड़े नजर आए। गायों के लिए ग्रीन शेड लगाए गए हैं।
भारतीय मौसम केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार राजधानी जयपुर में भीषण गर्मी का दौर अगले 48 घंटे तक जारी रहेगा। आज (रविवार) और कल (सोमवार) को जयपुर में अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। दिन के साथ रात में भी गर्म लू के थपेड़े आम आदमी को परेशान कर सकते हैं।
28 मई को जयपुर के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि तब भी जयपुर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहेगा। जबकि 29 और 30 मई को भी अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक रह सकता है। हालांकि जून के पहले सप्ताह में जयपुर में तेज हवा के साथ बादलों की आवाजाही शुरू होगी। इसके साथ ही प्री मानसून की बारिश लगातार बढ़ती गर्मी से राहत भी दे सकती है।



