बूंदी। राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। जिला बूंदी की हिण्डोली तहसील की ग्राम पंचायत डाटून्दा में आयोजित शिविर में एक बुजुर्ग की पेंशन का कार्य उसी दिन महज़ कुछ ही घंटों में पूरा कर उन्हें पीपीओ प्रमाण-पत्र सौंप दिया गया।
ग्राम डाटून्दा निवासी मांगीलाल ने नई पेंशन शुरू करवाने के लिए शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया था। आम तौर पर इस प्रक्रिया में समय लगता है, लेकिन शिविर में मौजूद अधिकारियों ने इसे प्राथमिकता पर लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। इस पूरी प्रक्रिया को एक ही दिन में पूर्ण करने के लिए तकनीक और विभागीय समन्वय का बेहतरीन उपयोग किया गया।
शिक्षा विभाग एवं राजस्व विभाग के समन्वय से प्रार्थी का तुरंत आय प्रमाण पत्र बनवाया गया। लाभार्थी के जनआधार में आवश्यक अपडेट की प्रक्रिया शुरू की गई। जनआधार के लेवल’1 पर ग्राम विकास अधिकारी डाटून्दा एवं लेवल-2 पर सांख्यिकी विभाग के संगणक से समन्वय स्थापित कर इसे तुरंत अपडेट कराया गया।
शिविर में ही राज एसएसपी एप पर फेस रिकॉग्निशन तकनीक के माध्यम से मोबाइल द्वारा ही तुरंत नई पेंशन स्वीकृत कर दी गई। इन सभी प्रक्रियाओं के बाद, शिविर स्थल पर ही लाभार्थी को पीपीओ प्रमाण-पत्र वितरित किया गया। लम्बा इंतजार जब चंद घंटों में खत्म हुआ, तो मांगीलाल और उनके परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शिविर में हाथों-हाथ मिली राहत से गदगद होकर मांगीलाल और उनके परिजनों ने राज्य सरकार का आभार जताया।



