जयपुर। सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियाँ, राजस्थान डॉ. समित शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को शासन सचिवालय में भारत टैक्सी की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जयपुर शहर में भारत टैक्सी के संचालन, यात्रियों एवं सारथियों के पंजीकरण, सेवा विस्तार, ब्रांडिंग, ऑनबोर्डिंग तथा जनजागरूकता गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि भारत टैक्सी सहकारिता आधारित परिवहन व्यवस्था का एक अभिनव मॉडल है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं पारदर्शी परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सारथियों के लिए सम्मानजनक एवं स्थायी आजीविका के अवसर सृजित करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्लेटफॉर्म से अधिकाधिक सारथियों एवं यात्रियों को जोड़ने के लिए अभियानात्मक रूप से कार्य किया जाए तथा सेवा की गुणवत्ता एवं उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा द्वारा 25 जुलाई, 2026 को शुभारंभ किए जाने के बाद भारत टैक्सी को जयपुर में उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त हुआ है। अब तक प्लेटफॉर्म पर 1.37 लाख से अधिक ग्राहकों का पंजीकरण, 39 हजार से अधिक सारथियों का पंजीकरण, 21,500 से अधिक सारथियों का संचालन हेतु सक्षम (Enabled) किया जाना तथा 22,500 से अधिक सफल राइड्स पूर्ण की जा चुकी हैं। प्लेटफॉर्म से जुड़े सारथियों को अब तक 25 लाख से अधिक की आय भी प्राप्त हुई है। बैठक में जयपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन एवं जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारत टैक्सी की उपस्थिति को सुदृढ़ करने, शहर के प्रमुख स्थलों पर ब्रांडिंग एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियों को गति देने, टी-स्टॉल ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग तथा सोशल मीडिया अभियान को प्रभावी बनाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही नए कैब, ऑटो एवं बाइक सारथियों के ऑनबोर्डिंग हेतु नियुक्त फील्ड ऑफिसर्स की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अभियान को और गति देने के निर्देश दिए गए। डॉ. शर्मा ने निर्देश दिए कि आगामी चरण में सेवा की पहुँच बढ़ाने, यात्रियों का विश्वास सुदृढ़ करने तथा संचालन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित एजेंसियाँ आपसी समन्वय से कार्य करें।

भारत टैक्सी की जयपुर में आमजन तक बेहतर सेवा पहुंचाने का प्रयास करें : डॉ. समित शर्मा
ram


