धौलपुर। नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – राष्ट्रीय संकल्प अभियान के अंतर्गत माय भारत धौलपुर द्वारा कृष्णा पब्लिक स्कूल राजोरा खुर्द में नशा मुक्त युवा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, अनुशासित एवं नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में युवाओं एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नशा मुक्ति की शपथ ली तथा ‘सिग्नेचर वॉल’ पर हस्ताक्षर कर नशे से दूर रहने एवं समाज को नशा-मुक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया। इसके साथ ही नशा मुक्ति पर युवा संवाद आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने नशे के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक प्रभावों तथा इसके समाधान में युवाओं और समुदाय की भूमिका पर विचार साझा किए।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी, माय भारत धौलपुर जनक राज मीना ने की। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशे से दूरी और खेल, फिटनेस एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ाव युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाता है। उन्होंने युवाओं से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश अपने परिवार और समुदाय तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य नीरज कुमार ने कहा कि नशा मुक्ति की शुरुआत परिवार से होती है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों एवं युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए निरंतर संवाद, मार्गदर्शन एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने का आह्वान किया। सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण द्वारा नशे से प्रभावित बच्चों एवं महिलाओं की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा मुक्ति केवल किसी एक व्यक्ति का विषय नहीं है, बल्कि इसके लिए परिवार, युवा, समुदाय और समाज के सभी वर्गों का एकजुट प्रयास एवं सहयोग आवश्यक है। कार्यक्रम के मंच संचालक शिक्षक मानसिंह ने नशे के व्यापक प्रभावों पर चर्चा करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में अमित परमार व्यवस्थापक, मान सिंह परीक्षा प्रभारी, विपिन अंग्रेजी विभाग, रामकेश विज्ञान विभाग, नरेश, विट्टू कुमार सह-व्यवस्थापक, अंकन, सूरज संस्कृत विभाग, वीरेंद्र ट्रैफिक इंचार्ज, श्रीनिवास, नीलम कुमारी, गुंजन, प्रीती, सुधा, दुर्गेश, जुली परमार, रामबीर सिंह, राकेश, छोटू कुशवाहा तथा बहादुर कुशवाहा सहित विद्यालय परिवार एवं अन्य गणमान्यजन एवं सैकड़ों की संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं में नशा मुक्ति को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। शपथ ग्रहण, सिग्नेचर वॉल एवं युवा संवाद के माध्यम से युवाओं ने नशे के विरुद्ध अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। माय भारत धौलपुर द्वारा युवाओं से आह्वान किया गया कि वे ‘नशा मुक्त युवा’ के संकल्प को व्यक्तिगत आदत से आगे बढ़ाकर परिवार, विद्यालय एवं समुदाय तक पहुंचाएं, ताकि स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार युवा शक्ति के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी योगदान दिया जा सके।

नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत – राष्ट्रीय संकल्प अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
ram


